राष्ट्रीय युवा महोत्सव में बोले पीएम मोदी – आज गांव हो, शहर हो या हो कस्बा, हर जगह उफान पर है युवाओं का जज्बा

हुबली (कर्नाटक), 12 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के हुबली में 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में युवा शक्ति का महत्व रेखांकित करते हुए कहा कि आज हर जगह युवाओं का जज्बा उफान पर है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत के महान सपूत स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने जीवनकाल में कर्नाटक की बहुत यात्राएं की थी। इन यात्राओं ने उनके जीवन में बहुत मदद की थी। मैसूर के महाराजा ने स्वामी जी की शिकागो यात्रा में उनकी बहुत मदद की थी।

‘युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करते हैं, आकांक्षाएं मंजिल तय करती हैं‘

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘उठो, जागो और लक्ष्य से पहले मत रुको – विवेकानंद जी का ये उद्घोष, भारत के युवाओं का जीवन मंत्र है। युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करते हैं। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती हैं। युवा शक्ति का जुनून भारत का रास्ता तय करता है। युवा बने रहने का मतलब अपनी सोच, मेहनत, आकांक्षाओं और लगन में युवा होना।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज गांव हो, शहर हो या हो कस्बा, हर जगह युवाओं का जज्बा उफान पर है। हर मिशन के लिए बुनियाद की जरूरत होती है, चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट अप, कौशल विकास हो या डिजिटलाइजेशन, हर क्षेत्र में एक मजबूत बुनियाद पिछले 8-9 वर्षों में रखी गई है, आपकी उड़ान के लिए रनवे तैयार है।’

भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा

महिला सशक्तिकरण को लेकर पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत की महिलाएं आज लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। सेना में जुझारू भूमिकाएं निभा रही हैं। विज्ञान-प्रोद्योगिकी, अंतरिक्ष, खेल, ऐसे हर क्षेत्र में महिलाएं बुलंदियां छू रही हैं। ये उद्घोष है कि भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular