उत्तराखंड : बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में पहाड़ी पर क्रैश, पायलट सहित सभी छह लोगों की मौत

चमोली, 30 अक्टूबर। उत्तराखंड के जोशीमठ में शुक्रवार को अपराह्न बड़ा हादसा हुआ, जब बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्रियों समेत कुल छह लोग सवार थे। चमोली पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई है।

हेलीकॉप्टर की लोकेशन अचानक गायब होने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) और आपदा प्रबंधन की टीमें सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थीं। तलाशी अभियान में दो अन्य हेलीकॉप्टर भी लगाए गए थे, लेकिन खराब मौसम के चलते दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की सही लोकेशन का पता लगाने में मुश्किल आ रही थी।

यूकाडा की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे। पैसेंजर मैनिफेस्ट में पांच यात्रियों के नाम प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज दर्ज हैं।

बारिश और घने बादलों से रेस्क्यू में मुश्किल

हादसे की सूचना वाले इलाके में लगातार बारिश हो रही है और घने बादल छाए हुए हैं। इससे दृश्यता काफी कम है। ऐसे में रेस्क्यू टीमों को बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर की लोकेशन तलाशने में परेशानी हो रही थी।

हादसे के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी की। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular