गोरखपुर, एक नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नगरीय जीवन सुगमता के लिए गोरखपुर को 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस क्रम में सीएम योगी ने गोड़धोइया नाला की पूर्ण हो चुकी परियोजना का लोकार्पण किया और इससे संबंधित दूसरे चरण की परियोजना का शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने 495.24 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण और 92.72 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना के दूसरे चरण का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 721.40 करोड़ रुपये की लागत वाली गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और गोड़धोइया नाला के किनारे 65.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया।
‘नए उत्तर प्रदेश’ में आज सुरक्षा है, स्वच्छता है और विकास है।
इस विकास यात्रा को नई गति प्रदान करते हुए आज जनपद गोरखपुर में ₹495 करोड़ से अधिक लागत से गोड़धोइया नाले के फेज-1 के लोकार्पण तथा ₹880 करोड़ से अधिक लागत से गोड़धोइया नाला फेज-2, गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और गोड़धोइया नाले के समानांतर प्रस्तावित सर्विस रोड के शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
हमने मच्छर और माफिया समाप्त कर विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गोरखपुर को एक नई पहचान दी है।
इन सुविधाओं के लिए गोरखपुर वासियों को हृदय से बधाई एवं दीपावली व छठ महापर्व की शुभकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 1, 2026
गोड़धोइया नाला परियोजना से 17 वार्डों की जलनिकासी की समस्या का समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना से गोरखपुर के 17 वार्डों की जलनिकासी की समस्या का समाधान हुआ है। पहले चरण में करीब 500 करोड़ की योजना से लगभग सात किलोमीटर 750 मीटर लंबे इस आरसीसी नाले का निर्माण हुआ है। साथ ही 17.5 किलोमीटर की इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 61 एमएलडी मेन पम्पिंग स्टेशन, 14 ब्रिज/कल्वर्ट के कार्य को पूरा किया जा चुका है।
आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि गोड़धोइया नाले के प्रथम चरण में लगभग 7.75 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही, इसके दोनों ओर सीवर लाइन भी बिछाई जा चुकी है। इससे रामगढ़ताल की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
—मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 1, 2026
दूसरे चरण में करीब 794 करोड़ की लागत से और कार्य कराए जाने हैं
उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में करीब 794 करोड़ की लागत से नाले के कैचमेंट एरिया से जुड़े हुए वार्डों में 342 किलोमीटर सीवर लाइन, लगभग 45,000 सीवर कनेक्शन और इससे जुड़े हुए दो इंटरमीडिएट पम्पिंग स्टेशन, 27 एमएलडी और 37.5 एमएलडी के दो पम्पिंग स्टेशन के कार्य कराए जाएंगे। इससे ढाई से तीन लाख की आबादी लाभान्वित होने जा रही है।
जनपद गोरखपुर में गोड़धोइया नाले के फेज-1 के लोकार्पण तथा गोड़धोइया नाला फेज-2, गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और गोड़धोइया नाले के समानांतर प्रस्तावित सर्विस रोड के शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में…
https://t.co/7XaN8bHxqG
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 1, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के ठीक पहले गोरखपुर महानगर से जुड़े हुए इन सभी वार्डों को, जिसमें रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्ती नगर, राम जानकी नगर आदि को भारी राहत मिलने वाली है। गोड़धोइया के दोनों ओर आवागमन के लिए सड़क भी बनेगी। अगल-बगल के मोहल्लों में जाने के लिए रास्ता आसान होगा। दोनों ओर वृक्षारोपण होगा, कहीं कोई समस्या नहीं होगी और विकास तेजी के साथ आगे बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर में धर्मशाला बाजार से जो नाला सुमेर सागर होते हुए आगे जाता है, उसे भी आरसीसी का पक्का नाला बनाने के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक हम जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं करेंगे, तब तक जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होगा और जब जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होगा तो फिर मच्छर और माफिया पैदा होंगे।
गोरखपुर में नए-नए और बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं। फर्टिलाइजर, चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री के साथ नए संस्थान भी स्थापित हो रहे हैं। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ने भी कार्य करना शुरू कर दिया है और आयुष विश्वविद्यालय में भी गतिविधियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
—मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 1, 2026
समाजवादी पार्टी पर एक बार फिर जमकर निशाना साधा
सीएम योगी ने इस अवसर पर एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, ‘समाजवादी पार्टी माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के लोग कभी सीधे नहीं हो सकते। जब भी मौका मिला, जमीन पर जबरन कब्जा करना इन लोगों की प्रवृत्ति है।’
सपा शासन के दौरान जमीन कब्जे की कोशिशों की कुछ घटनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने सपा शासन की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि जेल रोड पर गोरखपुर के एक प्रतिष्ठित परिवार की दो हवेलियां हुआ करती थीं। सपा सरकार के समय उस पर एक बार जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया। उस समय विरोध किया गया और उस रईस परिवार ने सपा के माफिया से जमीन बचाने के लिए अपनी दोनों हवेलियों को रातभर में गिरा दिया।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य घटना सुनाते हुए कहा, ‘इसी तरह आर्यनगर में भी एक माफिया ने एक प्रतिष्ठित परिवार की हवेली को कब्जा करने का प्रयास किया तो बतौर सांसद मैं स्वयं मौके पर गया था।’ सीएम योगी ने 2017 के बाद कानून व्यवस्था में आए अभूतपूर्व बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि आज कोई किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की प्रॉपर्टी पर कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता. ऐसा करने से पहले वह दस बार सोचेगा।
आज जमीन कब्जे की सोचने वाले को पता है कि अगले पल उसका क्या हिसाब होगा
उन्होंने कहा कि कब्जा करने का मतलब उसको मालूम है कि अगले ही पल उसका क्या हिसाब होने वाला है जबकि 2017 के पहले यह स्थिति नहीं थी। असुरक्षा का वातावरण था, बेटी स्कूल नहीं जा पाती थी, व्यापारी सुरक्षित माहौल में व्यापार करने की स्थिति में नहीं था। कहीं भी सुरक्षा की स्थिति नहीं थी और जब सुरक्षा नहीं थी तो कोई निवेश भी नहीं करता था। वहीं आज गोरखपुर में किसी गरीब की, किसी व्यापारी की, किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति की जमीन या मकान पर कोई कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। कोई किसी युवा के जीवन के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता है।
गरीबों संग साझा करें दीपावली की खुशियां
सीएम योगी ने अंत में सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वे दीपावली पर्व पर गरीबों संग खुशियां साझा करें। उन्होंने कहा, ‘पर्व और त्यौहार का आनंद तब है, जब हम गरीब की झोपड़ी में भी जाकर दीया जलाएं, उसे भी उपहार दें। इसमें अंतःकरण से संतुष्टि भी मिलेगी। मैं स्वयं दीपावली के दिन वनटांगिया गांव में जाता हूं। वनटांगिया गांव में जाकर वहां दीपावली की मिठाई खिलाता हूं।’ उन्होंने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा, ‘आपके मोहल्ले में जो मंदिर या शहीद स्मारक हों, वहां पर जाकर महापुरुषों और क्रांतिकारियों के नाम पर एक दीया जरूर जलाएं।’


