सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर PM मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर अर्पित की पुष्पांजलि, 400 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

केवड़िया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री एकता नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद एकता नगर में विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं में सीवेज और जल उपचार संयंत्र, नर्मदा घाट का उन्नयन, आईआरसीटीसी होटल, रेन फॉरेस्ट और इको-ट्रेल जैसी पर्यटन एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने रेन फॉरेस्ट परियोजना का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकता नगर में ‘रेन फॉरेस्ट’ परियोजना का भी उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ परियोजना का निरीक्षण किया और इसकी प्रमुख विशेषताओं की जानकारी ली। इन परियोजनाओं का उद्देश्य एकता नगर में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को विकसित करना है।

पीएम मोदी ने सरदार पटेल को बताया विकसित भारत का प्रेरणास्रोत

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि अखंड भारत के प्रणेता और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मां भारती की सेवा में सरदार पटेल का त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।

केवड़िया में ‘भारत पर्व’ की झलकियां भी कीं साझा

प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट के साथ वीडियो साझा किया, जिसमें केवड़िया में आयोजित ‘भारत पर्व’ की झलकियां दिखाई गईं। यह आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत, विविध परंपराओं और राष्ट्रीय एकता को समर्पित है। पीएम मोदी ने लिखा कि भारत की विविध परंपराएं और संस्कृतियां अद्भुत हैं। केवड़िया में आयोजित ‘भारत पर्व’, जिसका उद्घाटन एक दिन पहले हुआ, देश की एकता और सांस्कृतिक जीवंतता का उत्सव मनाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular