शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 308 अंक मजबूत, निफ्टी 23000 के पार

मुंबई, 30 अक्टूबर। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों और टाटा समूह की खुदरा कम्पनी ट्रेंट के शेयरों में अच्छी लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखी। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 308 अंक मजबूत हुआ वहीं एनएसई निफ्टी 116 अंकों की बढ़त लेकर 23,000 के स्तर के पार जा पहुंचा।

सेंसेक्स 308.49 अंक चढ़कर 74,459.53 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत चढ़कर 74,459.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 591.55 अंक बढ़कर 74,742.59 अंक पर पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 12 में कमजोरी रही।

निफ्टी 116.35 अंकों की बढ़त लेकर 23,053.10 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,053.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर मजबूत हुए तो 21 में गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई मिडकैप व स्मालकैप में गिरावट

हालांकि, व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 2.09 प्रतिशत फिसल गया जबकि मझोली कम्पनियों के बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.63 प्रतिशत की गिरावट रही।

सेक्टोरल इंडेक्स : निफ्टी आईटी में सर्वाधिक 2.32% की तेजी

सेक्टोरल इंडेक्स पर गौर करें तो निफ्टी आईटी में सर्वाधिक 2.32 प्रतिशत की तेजी रही जबकि निफ्टी फार्मा में 1.55 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज सेक्टर में 1.17 प्रतिशत, निप्टी ग्रोथ सेक्टर में 0.78 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं निफ्टी इंडिया डिफेंस में 2.01 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि निफ्टी कैपिटल मार्केट में 1.46 प्रतिशत व निफ्टी मीडिया में 1.46 प्रतिशत की गिरावट रही।

ट्रेंट का शेयर सबसे ज्यादा 5.20% चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में ट्रेंट का शेयर सर्वाधिक 5.20 प्रतिशत चढ़ गया। दरअसल, टाटा समूह की खुदरा कम्पनी ने गरुवार को बताया था कि सितम्बर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। राजस्व में वृद्धि और परिचालन क्षमता में सुधार से महंगाई के माहौल में भी कम्पनी की आय को समर्थन मिला।

इसके अलावा, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), इन्फोसिस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, इटर्नल, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट रही।

ब्रेंट क्रूड 2.17% उछलकर 117.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 2.17 प्रतिशत उछलकर 117.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 943.60 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular