वॉशिंगटन, एक नवम्बर। अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान कई शहरों में नाइटलाइफ वाले इलाकों में गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
डलास में सबसे ज्यादा हिंसा हुई, 4 लोग मरे
पुलिस के अनुसार डलास में सबसे ज्यादा हिंसा हुई और शहर के डीप एलम इलाके में हुई गोलीबारी की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हुए। डीप एलम इलाका, गाने-रेस्तरां और नाइटलाइफ का सेंटर माना जाता है। इसके अलावा, फेयेटविले (अर्कांसस), बर्मिंघम (अलबामा) और नेवार्क (डेलावेयर) जैसे शहरों में भी गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं।
डलास पुलिस प्रमुख डैनियल कोमोक्स के अनुसार पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शनिवार रात हुई गोलीबारी की यह घटनाएं आपस में जुड़ी है या नहीं। कोमोक्स ने बताया कि शनिवार को गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं और अब तक यह पता नहीं चल सका है कि ये घटनाएं क्यों हुईं।
अलबामा के बर्मिंघम में भी गोलीबारी की घटना
वहीं, पुलिस ने बताया कि शनिवार रात अलबामा के बर्मिंघम में मैजिक सिटी क्लासिक फुटबॉल मैच के बाद लीजन फील्ड के ठीक बाहर भी गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग घायल हैं।
बर्मिंघम पुलिस विभाग के प्रमुख माइकल पिकेट ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद ज्यादातर दर्शक और परिवार स्टेडियम से जा चुके थे। ग्रेमोंट एवेन्यू के किनारे जहां कुछ दुकानें थी, वहीं गोलीबारी हुई। यह गोलीबारी किन हालात में हुई, यह भी अब तक स्पष्ट नहीं है।
डेलावेयर में यूनिवर्सिटी कैंपस के पास गोलीबारी
उधर डेलावेयर राज्य के नेवार्क शहर में भी शनिवार को गोलीबारी की घटना हुई। यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर कैंपस के पास हुई इस घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गोलीबारी के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना के बाद पुलिस ने मेन स्ट्रीट के एक हिस्से को कई घंटों तक बंद कर दिया।
इलिनोइस में भी गोलीबारी
अमेरिका के इलिनोइस राज्य के ब्लूमिंगटन में भी रविवार सुबह गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में 19 साल की एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए।
अर्कांसस की गोलीबारी में छह लोग घायल
अर्कांसस के फेयेटविले में रविवार सुबह हुई गोलीबारी में छह लोगों को चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि इस घटना में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शुरुआती जांच से पता चला है कि गोलीबारी से पहले वहां कोई विवाद हुआ था।


