1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. गणतंत्र दिवस 2023 : कर्तव्य पथ पर बना इतिहास, पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी
गणतंत्र दिवस 2023 : कर्तव्य पथ पर बना इतिहास, पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी

गणतंत्र दिवस 2023 : कर्तव्य पथ पर बना इतिहास, पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी

0
Social Share

नई दिल्ली, 26 जनवरी। देश आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। कर्तव्य पथ इस बार एक अहम इतिहास का गवाह बना। कर्तव्य पथ पर पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी कर्तव्य पथ पर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉर मेमोरियल में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस के मौके पर पहली बार कर्तव्य पथ पर परेड हो रही है। इससे पहले इस जगह को राजपथ के नाम से जाना जाता था। इस परेड में ‘न्यू इंडिया’ की झलक दिखेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गणतंत्र दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। परम्परा के अनुसार राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा और उसके बाद 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान होगा। पहली बार औपचारिक सलामी 105-MM भारतीय फील्ड गन से दी जाएगी, जो रक्षा क्षेत्र में बढ़ती ‘आत्मनिर्भरता’ को दर्शाती है। इसने 25-पाउंडर बंदूकों की जगह ली है।

दिखेगी ‘न्यू इंडिया’ की झलक

अधिकारियों ने बताया कि परेड के दौरान जिन सैन्य शस्त्रों को प्रदर्शित किया जाएगा, उनमें ‘मेड-इन-इंडिया’ उपकरण शामिल हैं जो आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाते हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन, नाग मिसाइल सिस्टम (NAMIS) और के-9 वज्र को भी प्रदर्शित किया जाएगा। बयान के अनुसार, ‘‘ भारतीय नौसेना की टुकड़ी में लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत के नेतृत्व में 144 युवा नाविक शामिल होंगे। पहली बार मार्च करने वाले दल में तीन महिलाएं और छह अग्निवीर शामिल हैं।”

बयान में कहा गया, ‘‘ इसके बाद नौसेना की झांकी होगी, जो ‘इंडियन नेवी – कॉम्बैट रेडी, क्रेडिबल, कोहेसिव एंड फ्यूचर प्रूफ’ विषय पर आधारित है। यह भारतीय नौसेना की बहु-आयामी क्षमताओं, नारी शक्ति और आत्मनिर्भर भारत के तहत मुख्यत: स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए और निर्मित किए गए उपकरणों को प्रदर्शित करेगा।”

105 हेलीकॉप्टर यूनिट के चार Mi-17 1वी/वी5 हेलीकॉप्टर कर्तव्य पथ पर मौजूद दर्शकों पर पुष्प वर्षा करेंगे। परेड की शुरुआत राष्ट्रपति के सलामी लेने के साथ होगी। परेड की कमान दूसरी पीढ़ी के सेना अधिकारी परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ संभालेंगे। दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेज़र जनरल भवनीश कुमार परेड के सेकेंड-इन-कमांड होंगे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code