Site icon hindi.revoi.in

यूपी के एटा में भीषण सड़क हादसा : खराब रोडवेज बस में कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत, 11 घायल

Social Share

एटा, 3 जुलाई। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के किलरमऊ के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खराब खड़ी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में तकनीकी खराबी आने पर बस को सड़क किनारे रोककर उसकी मरम्मत की जा रही थी। इस दौरान अधिकांश यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, जबकि कुछ लोग बस के अंदर बैठे हुए थे।

इसी बीच तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर बस के पीछे जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में सड़क किनारे खड़े यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुल 11 लोग घायल हैं। इनमें एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

जिलाधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जब कैंटर बस के पास पहुंचा, उसी समय सामने से एक ट्रक आ रहा था। ट्रक से बचने के प्रयास में कैंटर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पीछे से रोडवेज बस में टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, एसडीएम, सीओ सिटी, सीओ सदर समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कराई जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version