रांची, 11 जुलाई। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मंगलवार को बुलाए गए झारखंड बंद का कई जिलों में असर देखने को मिल रहा है। रांची, हजारीबाग, पलामू, गिरिडीह, चतरा और सिमडेगा समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। बंद को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
रांची में टायर जलाकर सड़क जाम
राजधानी रांची के हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और छात्रों पर पुलिस बल के इस्तेमाल का विरोध किया। बंद के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
पलामू में भी बंद का असर
पलामू जिले में भी सुबह से बंद का असर दिखाई दिया। डालटनगंज के छहमुहान और रेडमा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
सिमडेगा में NH-143 पर प्रदर्शन
सिमडेगा में भी भाजपा कार्यकर्ता सुबह से सड़कों पर नजर आए। बीरू सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-143 को जाम कर दिया। इससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, गिरिडीह के धनवार और चतरा के प्रतापपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना है। राज्य के अन्य जिलों से भी बंद के समर्थन में प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं।
सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक बंद
भाजपा ने सोमवार को झारखंड बंद का ऐलान किया था। पार्टी के मुताबिक, बंद सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक रहेगा। हालांकि, स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर समेत धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले कांवड़ियों को बंद से मुक्त रखा गया है। भाजपा ने यह बंद सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद बुलाया है।
JPSC-JSSC परीक्षाएं रद्द करने की मांग
JPSC और JSSC की विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर हजारों छात्र विधानसभा की ओर बढ़े थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद लाठीचार्ज भी किया गया। इस दौरान कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने अब झारखंड बंद का आह्वान किया है।

