पाकिस्तानी पत्रकार का सनसनीखेज दावा – अडियाला जेल में पूर्व पीएम इमरान खान की मौत हो चुकी है

इस्लामाबाद, 12 अगस्त। अमेरिका में रह रहे एक चर्चित पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने कुछ सैन्य सूत्रों के हवाले से सनसनीखेज दावा किया है कि पिछले तीन वर्षों से अडियाना जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री व पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता 73 वर्षीय इमरान खान अब जीवित नहीं है और जेल में ही उनकी मौत हो चुकी है। हालांकि अब तक इमरान खान की मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन पत्रकार के दावे से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है।

पत्रकार वजाहत सईद खान ने दो दिन पहले (10 अगस्त) अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर दावा किया, ‘मैंने रावलपिंडी स्थित सेना के जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) में तैनात तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से अलग-अलग बात की है। इन अधिकारियों का व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि इमरान खान अब हमारे बीच नहीं रहे।

वजाहत के अनुसार अधिकारियों का मानना है कि यही वजह है कि सेना और थल सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर उन्हें दुनिया और अपने समर्थकों से पूरी तरह दूर रख रहे हैं। वजाहत ने खुद स्वीकार किया कि इन अधिकारियों ने अपनी आंखों से कुछ नहीं देखा है बल्कि केवल सुनी-सुनाई बातें कही हैं। इसलिए इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

PTI में भारी आक्रोश : सरकार से इमरान की सुरक्षा का सबूत मांगा

पत्रकार से इस दावे के वायरल होते ही इमरान खान की पार्टी PTI में भारी आक्रोश फैल गया है। पार्टी के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान पर तीखा हमला बोला।

शेख वकास अकरम ने कहा, ‘इमरान खान की जिंदगी कोई अफवाहों का खेल नहीं है। उन्हें लगातार आइसोलेशन में रखकर ऐसी अफवाहें फैलाना बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना है। सरकार तुरंत ब्लैकआउट खत्म करे, उनकी सुरक्षा का सबूत दे और उनके डॉक्टरों, वकीलों व बहनों को उनसे मिलने की इजाजत दे।’

अडियाला जेल में इमरान खान से मिलने पर क्यों है पाबंदी?

उल्लेखनीय है कि इमरान खान अगस्त, 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें 190 मिलियन पाउंड के अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 वर्ष की सजा सुनाई गई है। पिछले कई हफ्तों से इमरान खान की बहनों, वकीलों और डॉक्टरों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार वकीलों ने दावा किया था कि जेल में लंबे समय से एकांत कारावास के कारण इमरान खान की आंखों की 85% रोशनी प्रभावित हुई है।

इसी क्रम में अमेरिका के 13 सांसदों के एक समूह ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र लिखकर पाकिस्तान सरकार से इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की जेल स्थितियों और मानवाधिकारों पर सीधे बात करने का आग्रह किया है।

20 लाख समर्थकों के साथ इस्लामाबाद मार्चकी चेतावनी

इमरान खान से मुलाकात न होने पर खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री और पीटीआई नेता सोहेल अफरीदी ने पाकिस्तान सरकार को सीधी चेतावनी दी है। पीटीआई सांसदों ने गुरुवार, 13 अगस्त को अडियाला जेल जाकर इमरान खान से मिलने का एलान किया है। यदि उन्हें मिलने नहीं दिया गया, तो वे पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर देंगे। सोहेल अफरीदी ने चेतावनी दी है कि 27 सितम्बर को 20 लाख से अधिक लोग इस्लामाबाद की ओर मार्च करेंगे और पूरे पाकिस्तान को ‘डी-चौक’ में बदल देंगे।

इमरान की जेल में मौत की अफवाह पहले भी सामने आ चुकी है

फिलहाल इस बात का कोई स्वतंत्र प्रमाण नहीं है कि इमरान खान को कोई नुकसान पहुंचा है या उनकी मौत हुई है। लेकिन पाकिस्तान सरकार और जेल प्रशासन द्वारा उन्हें किसी से न मिलने देना और उनकी सेहत पर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी न करना ही इन अफवाहों को हवा दे रहा है।

हालांकि इमरान खान की जेल में मौत की अफवाह पहले भी सामने आ चुकी है। नवम्बर, 2025 में भी ऐसी खबरें आई थीं, लेकिन बाद में उनकी बहन ने जेल में उनसे मुलाकात कर उनके ठीक होने की जानकारी दी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular