नई दिल्ली, 11 अगस्त। अफगानिस्तान ने सोमवार को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ पांच एक दिनी मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में तीन विकेट की जीत के साथ ही अगले वर्ष दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में प्रस्तावित ICC एक दिनी क्रिकेट विश्व कप 2027 का टिकट पक्का कर लिया है। इसके साथ ही विश्व कप के लिए अब तक 10 टीमों ने सीधी अर्हता हासिल कर ली है।
शेष टीमों का निर्धारण क्वालीफाइंग प्रक्रिया के जरिए होगा
दरअसल, इस वर्ष 30 सितम्बर को ICC ODI रैंकिंग में शीर्ष आठ टीमें (मेजबान देशों- दक्षिण अफ्रीका व जिम्बाब्वे को छोड़कर) विश्व कप के लिए सीधे अर्हता हासिल करेंगी। उस लिहाज से अफगानिस्तान भी मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ शामिल हो गया है। अब बाकी स्थानों के लिए क्वालीफाइंग प्रक्रिया के जरिए फैसला होगा।
2023 विश्व कप में अफगानिस्तान ने किया था शानदार प्रदर्शन
अफगानिस्तान की बात करें तो इससे पहले 2023 में भारत की मेजबानी में हुए पिछले संस्करण का भी वह हिस्सा था। उसने टूर्नामेंट के दौरान कई मजबूत टीमों को हराकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। टीम ने श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान जैसी पूर्व विश्व चैम्पियन टीमों को शिकस्त दी थी। यही नहीं अफगानी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की ऐतिहासिक दोहरी शतकीय पारी ने मुकाबले का रुख पलट दिया था। आगामी विश्व कप में भी अफगानिस्तान से ऐसे ही प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
वेस्टइंडीज को खेलना होगा क्वालीफायर
फिलहाल विश्व कप के शुरुआती दो संस्करणों (1975 व 1979) का चैम्पियन वेस्टइंडीज इस बार सीधे क्वालीफाई करने में सफल नहीं रहा है। अब उसे अगले वर्ष फरवरी में क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेना होगा। क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के विजेता को 2027 विश्व कप के दूसरे राउंड में सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को सुपर सीरीज के नाम से होने वाले पहले राउंड में खेलना होगा।
लगातार दूसरी बार विंडीज को क्वालीफायर से गुजरना होगा
देखा जाए तो यह लगातार दूसरी बार है, जब वेस्टइंडीज को वनडे विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट का सहारा लेना पड़ेगा। 2023 में भी वेस्टइंडीज विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका था। वह पहला मौका था, जब वेस्टइंडीज वनडे विश्व कप के मुख्य टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बना था। अब टीम के सामने 2027 विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।
हालांकि आईसीसी रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज वेस्टइंडीज़ को कट-ऑफ तारीख (30 सितम्बर) से पहले भारत के खिलाफ दो वनडे मैच खेलने हैं, लेकिन यदि वे दोनों मैच जीत भी जाते हैं तो भी दोबारा रेस में शामिल नहीं हो पाएंगे। इसका मतलब है कि खिताब जीतने का मौका पाने के लिए उन्हें एक बार फिर क्वालिफायर से गुजरना होगा।

