नर्मदापुरम, 27 अप्रैल। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। आंचलखेड़ा के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक टवेरा कार और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया, हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टवेरा में सवार सभी लोग माखननगर और महेंद्रवाड़ी के निवासी थे।
ये सभी बुधनी में आयोजित राघवेंद्र मोरप्पा के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात में वापस लौटते समय आंचलखेड़ा के पास सामने से आ रही अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की साइड टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए और ट्रॉली में लदा अनाज सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
इन 5 लोगों ने गंवाई अपनी जान :
शुभम मोरप्पा (18), निवासी महेंद्रवाड़ी, विनीत यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी, साहिल यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी, हरि सिंह यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी, संतोष प्रजापति, निवासी माखननगर। हादसे में 7 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों में अमन यादव, विनोद उइके, भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, सुमित और राजेश धुर्वे शामिल हैं। सूचना मिलते ही रात में ही जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हाईवे पर यातायात सुचारू करने के लिए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे किया गया है।

