नई दिल्ली, 15 सितम्बर। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि खुदरा महंगाई बढ़कर 4.8 प्रतिशत होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में सबसे अधिक है। उन्होंने महंगाई बढ़ने के लिए अल नीनो और अन्य कारकों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में महंगाली (4.8%) सबसे ज्यादा
सरकार के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने के कारण अगस्त में खुदरा महंगाई बढ़कर 4.82 प्रतिशत हो गई। प्रह्लाद जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘मैं केवल इतना कह सकता हूं कि इस मुद्दे को लेकर बहुत संवेदनशील हूं क्योंकि हमारा विभाग खुद खाद्य महंगाई पर नजर रखता है। हम इस मामले को लेकर बहुत संवेदनशील हैं।’
इस मुद्दे के राजनीतिकरण की कोशिश सफल नहीं होगी
प्रह्लाद जोशी ने यह भी कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश सफल नहीं होगी क्योंकि मौजूदा 4.8 प्रतिशत खुदरा महंगाई मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा, ‘पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने से पांच-छह महीने पहले तक देश में खुदरा महंगाई करीब एक से डेढ़ प्रतिशत थी। अब अल नीनो और प्राकृतिक आपदाओं सहित अन्य कारणों से खुदरा महंगाई बढ़कर 4.8 प्रतिशत हो गई है।’
UPA सरकार के कार्यकाल में महंगाई हमेशा 10% या ज्यादा ही रही
केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार के कार्यकाल की महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आठ वर्षों से अधिक समय तक महंगाई करीब 10 प्रतिशत या उससे अधिक रही और कभी दहाई अंक से नीचे नहीं आई। जोशी ने कहा, ‘आज ये लोग 4.8 प्रतिशत की बात कर रहे हैं। हम भी इस 4.8 प्रतिशत को लेकर बहुत संवेदनशील हैं और इसे नियंत्रित करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय समस्याएं और प्राकृतिक समस्याएं या प्राकृतिक आपदाएं इसके लिए जिम्मेदार हैं।’
पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भागीदारी की अपील
इस बीच, जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से शुरू होने वाले एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ में लोगों की भागीदारी की अपील की। यह अभियान मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जनता से विचार और सुझाव लिए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री कहा कि किसी सरकार के शीर्ष पद पर मोदी का 25 वर्ष पूरा करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि लगातार और अथक प्रयासों तथा कड़ी मेहनत के जरिये मोदी ने न केवल खुद चुनाव जीते बल्कि पहले मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में पार्टी को भी जीत दिलाई।


