शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद शेयर बाजर में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 778 अंक लुढ़का, निफ्टी 5 माह के निचले स्तर पर

मुंबई, 15 सितम्बर। कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार अच्छी बढ़त के साथ खुला, लेकिन कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच दोनों मानक सूचकांकों ने न सिर्फ शुरुआती बढ़त गंवा दी वरन बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 778 अंक टूटकर तीन माह के निचले स्तर पर आ गया वहीं निफ्टी 279 अंक गिरकर पांच माह के निचले स्तर पर फिसल गया।

सेंसेक्स 777.94 अंकों की गिरावट से 74,003.82 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 777.94 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 74,003.82 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र (शुक्रवार) के मुकाबले 588 अंकों की मजबूती से 75,369.63 अंक पर खुला सूचकांक जल्द ही दिन के उच्चस्तर 75,436.44 तक गया। लेकिन यहीं से गिरावट शुरू हुई तो एक समय यह 787.73 अंक फिसलकर 73,994.03 अंक के निचले स्तर तक चला गया था। यानी सूचकांक में दिभभर में कुल 1442.41 अंकों का उतार-चढ़ाव दिखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाल निशान पर ठहरे तो सात में मजबूती रही।

निफ्टी 279.50 अंक गिरकर 23,118.60 पर बंद

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत गिरकर 23,118.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 178 अंकों की बढ़त लेकर 23576.15 पर खुला और जल्द ही इसने 23,592.85 का हाई बनाया। लेकिन गिरावट का क्रम शुरू हुआ तो यह यह दिन के उच्चस्तर से 474 अंक फिसलकर 23,118.60 तक जा गिरा और इसी स्तर पर बंद भी हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर मजबूत हुए तो 40 में कमजोरी रही। यह छह अप्रैल, 2026 के बाद निफ्टी का सबसे निचला बंद स्तर है।

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर में 6.04 फीसदी की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर में 6.04 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), टाइटन, बजाज फिनसर्व, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और एचडीएफसी बैंक के स्टॉक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

ब्रेंट क्रूड 1.89 प्रतिशत बढ़कर 107.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.89 प्रतिशत बढ़कर 107.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 930.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular