बनासकांठा (गुजरात), 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गृह राज्य गुजरात में बनासकांठा जिले के भिलडी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से किसानों को भेजी गई।

पीएम मोदी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम के तहत यह किस्त जारी की गई। इसका उद्देश्य किसानों को जारी वित्तीय सहायता को मजबूती देना और कृषि क्षेत्र में आय समर्थन प्रदान करना है। इस किस्त का सबसे बड़ा लाभ गुजरात के किसानों को भी मिला। राज्य के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघाणी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी थी।
जीतू वघाणी के अनुसार, योजना की पहली 23 किस्तों के माध्यम से देशभर के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को कुल 4.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता प्रदान की जा चुकी है। वहीं गुजरात में अब तक 69.26 लाख लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।
24वीं किस्त जारी करने के अवसर पर देशभर में कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया गया। गुजरात में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 34 जिला स्तरीय कार्यक्रमों और 2,100 से अधिक क्लस्टर स्तरीय आयोजनों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी किसानों को कृषि एवं बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को नियमित अंतराल पर आय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनकी कृषि गतिविधियों और घरेलू जरूरतों को सहयोग मिलता है।
भीलडी में आयोजित कार्यक्रम को बनासकांठा जिले की कई कृषि और पशुपालन परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास से भी जोड़ा गया। इनमें 328.77 करोड़ रुपये की लागत वाले भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर, बनास डेयरी की थराद और राधनपुर में प्रस्तावित दो कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र, आलू प्रसंस्करण इकाई के विस्तार तथा अल्ट्रा हाई टेम्परेचर उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण एवं पुनर्प्राप्ति प्रणाली का उद्घाटन शामिल है।
What an extraordinary facility!
The Bharat Bovine Breeding and Research Centre in Banaskantha showcases the immense possibilities in animal husbandry.
This is truly innovation with a purpose, ensuring greater prosperity for our farmers! https://t.co/VISEWoqIQF
— Narendra Modi (@narendramodi) October 30, 2026
प्रधानमंत्री का दौरा एकता नगर तक भी विस्तारित है। शुक्रवार शाम वह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में स्थित भारत पर्व मंडप का दौरा करेंगे और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘आनंदमठ’ का अवलोकन करेंगे।
वहीं, 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा एकता नगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, वह ‘आरंभ 2026’ कार्यक्रम में भाग लेंगे, प्रशिक्षु सिविल सेवकों से संवाद करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में परेड का निरीक्षण कर सलामी लेंगे। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे।


