भारत में मोटर स्पोर्ट्स व फॉर्मूला वन की वापसी के लिए केंद्र सरकार तत्पर, टास्क फोर्स गठित

नई दिल्ली, 15 सितम्बर। भारत में मोटर स्पोर्ट्स व फॉर्मूला वन कार रेसिंग को फिर से जीवित करने और उसके विकास के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इस क्रम में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

टास्क फोर्स के गठन का मुख्य उद्देश्य भारत में मोटरस्पोर्ट्स इकोसिस्टम का व्यापक मूल्यांकन करना है। साथ ही, टैक्स से जुड़े मुद्दों सहित उन सभी चुनौतियों की समीक्षा करना है, जो भारत में मोटर स्पोर्ट्स के रिवाइवल और विकास को प्रभावित कर रही हैं।

टास्क फोर्स के लिए काम के दायरे यानी टर्म्स ऑफ रेफरेंस भी तय किए गए हैं। ये पांच टर्म्स ऑफ रेफरेंस इस प्रकार हैं :-

  1. भारत में मोटरस्पोर्ट्स के सतत विकास के लिए नीतिगत हस्तक्षेपों की पहचान करना और एक समग्र और समन्वित रोडमैप तैयार करना है।
  2. भारत के मोटरस्पोर्ट्स इकोसिस्टम का विस्तृत मूल्यांकन करना और मोटरस्पोर्ट इवेंट्स के रिवाइवल और विकास से जुड़ी चुनौतियों की समीक्षा करना, जिसमें टैक्सेशन भी शामिल है।
  3. भारत में बड़े मोटरस्पोर्ट इवेंट्स आयोजित करने से होने वाले अंतरराष्ट्रीय, आर्थिक, पर्यटन और निवेश से जुड़े फायदों का आकलन करना और सतत विकास के लिए प्रमुख प्राथमिकताओं, बुनियादी ढांचे की जरूरतों और परिचालन आवश्यकताओं की पहचान करना है।
  4. मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक व्यापक नीति ढांचे पर सिफारिशें देना, जिसमें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मॉडल की संभावनाएं भी शामिल हों।
  5. 2028 में फॉर्मूला वन ग्रांड प्रिक्स भारत में आयोजित करने की व्यवहार्यता का आकलन करना है।

सरकार के इस फैसले से उम्मीद जताई जा रही है कि भारत में एक बार फिर फॉर्मूला वन की गाड़ियों की गर्जना सुनाई दे सकती है। 2028 में भारत में एफ1 ग्रांड प्रिक्स के आयोजन की संभावना पर टास्क फोर्स रिपोर्ट देगी। यदि यह योजना सफल होती है तो इससे न सिर्फ मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा बल्कि देश में पर्यटन, निवेश और अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी बड़ा फायदा होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular