सारब्रुकन (जर्मनी), 29 अक्टूबर। BWF विश्व रैंकिंग में 53वें नंबर पर काबिज भारत की किशोरवय शटलर अनमोल खरब ने गुरुवार को हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में जबर्दस्त उलटफेर किया और तीसरी सीड डेनिस स्पर्धी लाइन क्रिस्टोफरसेन को चौंकाने के साथ पांच लाख डॉलर ईनामी स्पर्धा के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

सिंधु व उन्नति की आसान जीत, लक्ष्य सेन को जॉर्ज से जूझना पड़ा
वहीं दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु व उन्नति हुड्डा ने दूसरे दौर में आसान जीत हासिल की जबकि पुरुष वर्ग में भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन को हमवतन किरण जॉर्ज के खिलाफ जीत हासिल करने से पहले एक गेम गंवाना पड़ा। कोर्ट पर उतरीं दो अन्य भारतीय शटलरों – मालविका बंसोड व इशारानी बरुआ की चुनौती समाप्त हो गई।
अनमोल खरब की विश्व नंबर 12 क्रिस्टोफरसेन पर स्तब्धकारी जीत
फिलहाल दिन का सारा आकर्षण तो फरीदाबाद की 19 वर्षीय शटलर अनमोल खरब लूट ले गईं। सारलैंडहाल के कोर्ट नंबर तीन पर दिन का 11वां मैच खेलने उतरीं अनमोल ने विश्व नंबर 12 क्रिस्टोफरसेन के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद असाधारण वापसी की और 63 मिनट की कश्मकश 11-21, 21-18, 25-23 से अपने नाम कर ली।
UPSET ALERT
World No. 53 Anmol Kharb Defeats European No. 1 Line Christophersen In 3 Thrilling Games 11-21 , 21-18 , 25-23 💥
#HyloOpen2026 https://t.co/3ZLsi3hAsi— Badminton Media (@BadmintonMedia1) October 29, 2026
अनमोल अब उन्नति को देंगी चुनौती
दो वर्ष पूर्व एशियाई टीम चैम्पियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य रहीं अनमोल अब हमवतन उन्नति को चुनौती देंगी, जिन्होंने कोर्ट नंबर एक पर दिन के 10वें मैच में डेनमार्क की फ्रेडरिक स्टेरगार्ड को 34 मिनट में 21-11, 21-19 से परास्त किया।
विश्व नंबर 8 सिंधु ने 26 मिनट में ओक्टाविया को बाहर किया
इस बीच बीते रविवार को फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उपजेता रहीं मौजूदा विश्व नंबर आठ सिंधु ने सारलैंडहाल के कोर्ट नंबर एक पर फ्रांसीसी रोजी ओक्टाविया पंचासारी को सिर्फ 26 मिनट में 21-9, 21-6 से हरा दिया। 31 वर्षीय सिंधु ने शुरुआत से ही कोर्ट पर नियंत्रण बना लिया और 57 अंकों में से 42 जीते। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा।
मालविका व इशारानी की चुनौती टूटी
हालांकि मालविका को कनाडा की वेन यू झांग के हाथों कोर्ट नंबर दो पर 31 मिनट में 11-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। इशारानी को भी इसी कोर्ट पर आठवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड के हाथों 39 मिनट तक चले मुकाबले में 14-21, 19-21 से हार झेलनी पड़ी।
लक्ष्य को किरण जॉर्ज से 54 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा
उधर पुरुष एकल में कोर्ट नंबर तीन पर दिन का 10वां मैच खेलने उतरे विश्व नंबर 14 लक्ष्य को 55वें क्रम के किरण जॉर्ज की कड़ी चुनौती झेलनी पड़ी और वह 54 मिनट के संघर्ष में 21-15, 18-21, 21-12 से जीत हासिल कर सके। इसी वर्ष ऑल इंग्लैंड ओपन में उपजेता रहे 25 वर्षीय लक्ष्य का अब सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए शुक्रवार को विश्व नंबर 67 फिनलैंड के केल कोलोनेन से सामना होगा।


