यूपी MLC चुनाव : सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी खंड क्षेत्र की स्नातक सीट बरकरार रखी

वाराणसी, 29 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने विधान परिषद यानी MLC चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश के लिए सबसे हॉट सीट बनी वाराणसी खंड क्षेत्र की स्नातक सीट बररकार रखी और गुरुवार को अपराह्न घोषित परिणाम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता केदारनाथ सिंह को 19,932 वोटों से पराजित कर दिया।

भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह 19,932 मतों से परास्त

मतगणना के पहले ही चक्र से बढ़त हासिल कर लेने वाले आशुतोष सिन्हा को 55,046 वोट मिले जबकि केदारनाथ सिंह को 35114 वोटों से संतोष करना पड़ा। काउंटिंग के दौरान बुधवार को सपा प्रत्याशी की बढ़त देखकर भाजपा ने हंगामा कर दिया था। भाजपा के विरोध के बाद यहां वोटों की गिनती कुछ देर रोकी गई थी। हालांकि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चेतावनी के चार घंटे बाद कांउटिंग दोबारा शुरू करा दी गई थी।

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में दोनों सीटों पर भाजपा की हार

देखा जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा। बुधवार को घोषित परिणाम में सपा के लाल बिहारी यादव ने वाराणसी खंड क्षेत्र की शिक्षक सीट बररकार रखी थी। उन्होंने भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्र को परास्त किया था। गौर करने वाली बात यह है कि केदारनाथ सिंह को पिछली बार भी आशुतोष सिन्हा से मात खानी पड़ी थी। लेकिन भाजपा ने केदारनाथ सिंह को मैदान में उतारा था।

यूपी की 11 में भाजपा ने 6 सीटें जीतीं, सपा को 5 सीटें मिलीं

कुल मिलाकर देखें तो यूपी में 11 एमएलसी सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने छह और सपा ने पांच सीटें जीतीं। इनमें उलटफेर लखनऊ की स्नातक सीट पर देखने को मिला, जहां सपा की कांति सिंह ने भाजपा के मौजूदा विधान पार्षद अवनीश सिंह को बड़े अंतर से परास्त किया। अवनीश सिंह इकलौते एमएलसी हैं, जिन्हें अपनी सीट गंवानी पड़ी। शेष 10 एमएलसी ने अपनी-अपनी सीटें बचा लीं।

यूपी की 11 एमएलसी सीटों के नतीजों पर एक नजर

  1. वाराणसी शिक्षक – सपा के लालबिहारी यादव जीते। पहले भी वही थे।
  2. वाराणसी स्नातक – सपा के अशुतोष सिन्हा जीते। पहले भी वही थे।
  3. लखनऊ शिक्षक – भाजपा के उमेश द्विवेदी जीते। पहले भी वही थे।
  4. लखनऊ स्नातक – सपा की कांति सिंह विजयी। पहले भाजपा के अवनीश सिंह थे, जिन्हें पराजय झेलनी पड़ी।
  5. मेरठ स्नातक – भाजपा के दिनेश गोयल जीते। पहले भी वही थे।
  6. मेरठ शिक्षक – भाजपा के श्रीचंद शर्मा जीते। पहले भी वही थे।
  7. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक – भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों जीते। पहले भी वही थे।
  8. अगरा स्नातक – भाजपा के मानवेंद्र सिंह जीते। पहले भी वही थे।
  9. आगरा शिक्षक – सपा के आकाश अग्रवाल जीते। पिछली बार आकाश निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीते थे।
  10. गोरखपुर शिक्षक – भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी जीते। पिछली बार ध्रुव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते थे।
  11. झांसी-प्रयागराज स्नातक – सपा के मान सिंह यादव जीते।पहले भी वही थे।               

आशुतोष ने जनता को दिया धन्यवाद

इस बीच वाराणसी स्नातक सीट बचाने के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा, ‘यह चुनाव नहीं चुनौती थी क्योंकि लामबंदी के साथ दुबारा काउंटिंग की मांग को लेकर विरोध शुरू करने वाली भाजपा ने हर तरीके से अपनी चाल चली। लेकिन जनता के वोट के आगे सब पीछे रह गया। हमारे साथ जिस तरीके का लोगों ने षड्यंत्र करने की कोशिश की, वह षड्यंत्र हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और जनता के साथ चल नहीं पाया और जनता ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया है। हम बहुत खुश हैं और इसके लिए जनता को धन्यवाद देना चाहते हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular