Site icon hindi.revoi.in

चैम्पियन RCB के कप्तान पाटीदार बोले – ‘जब भी मैं विराट भाई को देखता हूं, वह हमेशा टीम के लिए मौजूद रहते हैं’

Social Share

अहमदाबाद, एक जून। टाटा इंडियन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में लगातार दूसरे वर्ष खिताब जीतने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार का कहना है कि वह विराट कोहली का जितना भी शुक्रिया अदा करें, वह कम होगा।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार की रात खेले गए खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस (RCB) पर पांच विकेट की आसान जीत के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान पाटीदार ने कहा कि विराट ने न सिर्फ उनकी बल्लेबाजी के तकनीकी पहलुओं पर कीमती सुझाव दिए, बल्कि टीम के सभी जूनियर सदस्यों के लिए एक मजबूत सहारे की तरह खड़े होकर उनका साथ भी दिया।

उल्लेखनीय है कि आरसीबी को लगातार दूसरी बार खिताब जिताने में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पाटीदार ने क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ विस्फोटक 93 रनों की मैच जिताऊ पारी भी खेली थी। उन्होंने अपनी टीम के सबसे सीनियर सदस्य (किंग कोगली) का उनके सहयोग के लिए शुक्रिया अदा किया।

‘कोहली भाई,सदैव टीम व सभी खिलाड़ियों के लिए मौजूद रहते हैं’

बर्थडे ब्वॉय रजत ने कोहली की तारीफ करते हुए कहा, ‘मैं अपनी बल्लेबाजी को जिस नजरिए से देखता हूं, मैं हमेशा उन चीजों पर काम करने की कोशिश करता हूं, जहां मैं सुधार कर सकता हूं, खासकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ। मुझे कोहली भाई से बहुत मदद मिली। जब भी मैं उन्हें देखता हूं, वे हमेशा टीम और सभी खिलाड़ियों के लिए मौजूद रहते हैं। वे युवा खिलाड़ियों के पास खुद जाते हैं, भले ही वे उनके पास जाने में हिचकिचाते नहीं।’

अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं

कप्तान के तौर पर अपनी दूसरी जीत पर पाटीदार ने कहा कि जब वह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दाखिल हुए तो पिछले वर्ष की जीत की बहुत सारी यादें ताजा हो गईं, लेकिन उन्होंने अपने मन को काबू में रखकर वर्तमान पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा, ’बहुत ही शानदार महसूस हो रहा है। पिछले वर्ष की बहुत सारी यादें थीं, लेकिन हमें वर्तमान पर ही ध्यान देना था। अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं, लेकिन बहुत अच्छा लग रहा है।’

अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की

पिच का अंदाजा होने के कारण, पाटीदार जानते थे कि लक्ष्य का पीछा करना आसान होगा। उन्होंने कहा, ‘हमारी योजना बिल्कुल साफ थी। लक्ष्य का पीछा करना आसान था। हम उनके शुरुआती तीन बल्लेबाज़ों को आउट करना चाहते थे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमारे गेंदबाजों का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है। भुवी (भुवनेश्वर कुमार), (जोश) हेजलवुड, रसिख (सलाम डार), क्रुणाल (पंड्या), शेपी (रोमारियो शेफर्ड) सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।’

अचानक टीम में बुलाए जाने पर रजत ने अपनी शादी टाल दी थी

चार वर्ष पहले, पाटीदार ने लवनीत सिसोदिया के चोटिल होने पर उनकी जगह टीम में बुलाए जाने के कारण अपनी शादी टाल दी थी और 2025 आते-आते, उन्हें एक बेहद सूझबूझ भरे फैसले के तहत टीम की कप्तानी सौंप दी गई। यदि कोई उन्हें उनकी जिंदगी की इस कहानी के बारे में पहले से बता देता तो शायद पाटीदार को उस पर यकीन ही नहीं होता।

‘मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि आरसीबी के लिए 2 खिताब जीतूंगा’

मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी पाटीदार ने कहा, ‘मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि आरसीबी के लिए दो (आईपीएल खिताब) जीतूंगा। यह सब किस्मत में लिखा था। पिछले वर्ष, बहुत ज्यादा दबाव था। इस वर्ष, हमें खुद पर भरोसा था। टूर्नामेंट से पहले की मेरी तैयारी भी बहुत अच्छी रही।’ आखिर में, पाटीदार ने कन्नड़ में खेल प्रेमियों को संबोधित किया, ‘ए सालानू कप नामडू’ (इस बार भी कप हमारा ही है)।’

Exit mobile version