नई दिल्ली, 28 सितम्बर। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज कर ली है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 के तहत दर्ज किया गया है। वहीं PWD के इंजीनियरों द्वारा दी गई शिकायत पर के आधार पर पुलिस ने AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साहिब सिंह नाम के शख्स ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ थप्पड़ मारने की शिकायत दी थी। इस शिकायत के आधार पर कानूनन जो केस बनता था, उसके हिसाब से दिल्ली पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ NCR दर्ज कर ली है और अब इस मामले की जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ BNS की धारा 115 के तहत केस दर्ज किया गया है।
जरनैल सिंह पर एक्शन
इस मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है। PWD के इंजीनियरों की शिकायत में विधायक पर सरकारी काम में बाधा डालने, डराने और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
ये है मामला
दरअसल, रविवार को दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान विवाद खड़ा हुआ था। इस दौरान साहिब सिंह नाम का युवक सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों को लेकर वीडियो बना रहा था। उसने सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री प्रवेश वर्मा से शिकायत की। इसके बाद दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई और मंत्री ने तैश में आकर साहिब सिंह को थप्पड़ मार दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि प्रवेश वर्मा ने बाद में एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई देते हुए कहा, ‘जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने जब मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया, तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया।’
ये भी पढें
- दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का आरोप-‘युवक ने मेरे परिवार को अपशब्द कहे, मैंने आवेश में आकर थप्पड़मारा’
- दिल्ली : PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने निरीक्षण के दौरान युवक को जड़ा थप्पड़, AAP व कांग्रेस आक्रामक


