1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. तीरंदाजी विश्व कप : दीपिका की अगुआई में महिला रिकर्व टीम ने भारत को दिलाया स्वर्ण पदक
तीरंदाजी विश्व कप : दीपिका की अगुआई में महिला रिकर्व टीम ने भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

तीरंदाजी विश्व कप : दीपिका की अगुआई में महिला रिकर्व टीम ने भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

0
Social Share

शंघाई, 10 मई। दीपिका कुमारी, अंकिता भकत व कुमकुम मोहोद की महिला रिकर्व टीम ने रविवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब के प्रबल दावेदार मेजबान चीन को शूट ऑफ में हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

2021 के बाद पहला विश्व कप स्वर्ण पदक

रोमांचक फाइनल में भारतीय तिकड़ी ने पहला सेट जीता, लेकिन चीन ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया। निर्धारित चार सेटों के बाद स्कोर बराबर रहने के कारण शूट ऑफ कराया गया। भारतीय टीम ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए 5-4 (28-26) से जीत दर्ज की। अनुभवी दीपिका ने दबाव के बीच अंतिम शूट ऑफ तीर पर अहम नौ अंक जुटाकर भारत को 2021 के बाद पहला विश्व कप स्वर्ण पदक दिलाया।

सिमरनजीत कौर मायूस, दो पदकों के साथ भारतीय अभियान का समापन

हालांकि सिमरनजीत कौर के लिए यह दिल तोड़ने वाला अनुभव रहा, जब उन्हें सेमीफाइनल में दुनिया की नंबर एक धनुर्धर और बाद में चैम्पियन बनीं दक्षिण कोरिया की कांग चेयांग के खिलाफ सीधे सेट में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांस्य पदक के लिए हुए प्लेऑफ में उन्हें एक और कोरियाई खिलाड़ी जांग मिनही से हार मिली। इस तरह भारत ने अपने अभियान का समापन दो पदकों (एक स्वर्ण, एक कांस्य) के साथ किया। शनिवार को पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में साहिल जाधव ने कांस्य पदक जीता था।

दीपिका के नाम अब तक 7 विश्व कप टीम स्वर्ण पदक

इससे पहले भारतीय महिला रिकर्व टीम ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। कुल मिलाकर देखें तो ग्वाटेमाला सिटी और पेरिस में 2021 में भारत की विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा रहीं दीपिका के नाम 2010 से अब तक सात विश्व कप टीम स्वर्ण पदक हो गए हैं।

यह भारतीय महिला रिकर्व टीम का तीन वर्षों में पहला विश्व कप पदक भी है। इससे पहले टीम 2023 में पेरिस में चरण चार में पोडियम पर पहुंची थी, जिसमें अंकिता पदक जीतने वाली टीम की सदस्य थीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code