1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी : योगी कैबिनेट के दूसरे विस्तार में 2 मंत्रियों का प्रमोशन, 6 नए चेहरों ने ली शपथ
यूपी : योगी कैबिनेट के दूसरे विस्तार में 2 मंत्रियों का प्रमोशन, 6 नए चेहरों ने ली शपथ

यूपी : योगी कैबिनेट के दूसरे विस्तार में 2 मंत्रियों का प्रमोशन, 6 नए चेहरों ने ली शपथ

0
Social Share

लखनऊ, 10 मई। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार रविवार को हुआ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में आठ मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई। इनमें दो मंत्रियों को प्रमोशन हुआ है जबकि छह नए चेहरों को कैबिनेट मे जगह दी गई है।

भूपेंद्र चौधरी और मनोज कुमार पाण्डेय कैबिनेट मंत्री बनाए गए

योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार (2017-2022) में पंचायती राज मंत्री रह चुके भूपेंद्र चौधरी और मनोज कुमार पाण्डेय ने कैबिनेट मंत्री और डॉ. सोमेंद्र तोमर व अजीत पाल ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के पद की शपथ ली। इनके साथ कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर व हंसराज विश्वकर्मा ने राज्यमंत्री के पद की शपथ ली।

यूपी कैबिनेट में अब सीएम व 2 डिप्टी सीएम सहित कुल 54 मंत्री

योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 में अब मुख्यमंत्री व दो उप मुख्यमंत्रियों समेत 54 मंत्री हो गए हैं। विधानसभा सदस्यों की गणना के हिसाब से राज्य में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। कैबिनेट विस्तार के बाद वर्तमान स्थिति यह है सीएम व दो डिप्टी सीएम सहित 21 कैबिनेट मंत्री हैं। इनके साथ 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 18 राज्य मंत्री हैं।

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले मंत्रियों में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के अलावा समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले रायबरेली के ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पाण्डेय शामिल हैं। इनके साथ अति पिछड़ी जाति से आने वाले वाराणसी के विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, फतहेपुर की खागा सीट से विधायक अनुसूचित जाति की कृष्णा पासवान, अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेंद्र दिलेर और कन्नौज के तिर्वा से विधायक कैलाश सिंह राजपूत ने पहली बार राज्यमंत्री के पद की शपथ ली।

कैबिनेट में डॉ. सोमेंद्र तोमर व अजीत पाल प्रोन्नत किए गए

कैबिनेट विस्तार में जिन दो मंत्रियों का कद बढ़ाया गया, उनमें मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर और कानपुर देहात के सिकंदरा से भाजपा के विधायक अजीत पाल शामिल हैं। डॉ. तोमर वर्तमान समय राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत हैं। अब इनको राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई। वहीं अजीत पाल राज्य मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग हैं। उन्हें भी प्रोन्नत करते हुए राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ दिलाई गई।

दो वर्ष पहले हुआ था पहला विस्तार

गौरतलब है कि योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार लोकसभा चुनाव से पहले पांच मार्च, 2024 को हुआ था। तब सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए पिछड़े, दलित, अगड़े के साथ ही पूरब से पश्चिम को साधते हुए चार नए कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे। इनमें सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान, मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सीट से रालोद विधायक अनिल कुमार और गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से भाजपा विधायक सुनील कुमार शर्मा मंत्री बने थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code