आईपीएल-19 : उर्विल ने बदला मैच का नक्शा, लगातार तीसरी जीत से CSK पांचवें स्थान पर, LSG की विदाई लगभग तय

चेन्नई, 10 मई। सचमुच, चेन्नईवासियों के लिए यह दोहरी खुशी का दिन था। दिन में यदि तमिलनाडु के सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेताओं में एक थलपति विजय ने नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान राज्य के नए मुख्यमंत्री का पद संभाला तो वहीं चेपॉक स्थित एम. ए. चिदांबरम स्टेडियम में उर्विल पटेल (65 रन, 23 गेंद, आठ छक्के, दो चौके) ने पास पलट बल्लेबाजी से मुकाबले का नक्शा ही बदल दिया।

13 गेंदों पर पचासा ठोक उर्विल ने यशस्वी के रिकॉर्ड की बराबरी की

इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि सिर्फ 13 गेंदों पर विस्फोटक पचासा जड़कर तीव्रतम अर्धशतक के रिकॉर्ड की यशस्वी जायसवाल की बराबरी करने वाले 27 वर्षीय उर्विल जब क्रीज पर उतरे तो सीएसके की जीत की उम्मीद सिर्फ 38.13 फीसदी थी। लेकिन जब वह दर्शकों व कोचिंग स्टाफ के अपार उत्साहवर्धन के बीच लौटे तो टीम की जीत की संभावना बढ़कर 93.02 फीसदी हो चुकी थी।

सीएसके ने 2018 के बाद पहली बार 200 से ज्यादा के लक्ष्य का सफल पीछा किया

अंततः पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स ने (CSK) ने 2018 के बाद पहली बार 200 से ज्यादा के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया और चार गेंदों के शेष रहते पांच विकेट की जीत से जहां टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के प्लेऑफ में प्रवेश की अपनी उम्मीदें जीवंत रखीं वहीं आठवीं पराजय के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) की लीग से विदाई लगभग तय हो गई।

जोश इंग्लिस की तूफानी फिफ्टी से 200 के पार पहुंचा था लखनऊ

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य एलएसजी के लिए जोश इंग्लिस (85 रन, 33 गेंद, छह छक्के, 10 चौके) ने बेशक तूफानी अंदाज में अर्धशतक ठोक दिया था। इसी क्रम में पॉवरप्ले में एक विकेट पर ही 91 रन जुड़ चुके थे। लेकिन अंग्रेज पेसर जैमी ओवर्टन (3-36) ने इंग्लिश के अलावा कप्तान ऋषभ पंत (15 रन, 12 गेंद, दो चौके) व अंगकृष रघुवंशी (18 रन, 18 गेंद, एक चौका) के रूप में तीन अहम विकेट निकालने के अलावा साथी गेंदबाजों संग मिलकर दबाव बढ़ाया। गनीमत रही कि शहबाज अहमद ( नाबाद 43 रन, 25 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) ने स्लाग ओवरों में तेज हाथ दिखाते हुए टीम को आठ विकेट पर 203 रनों तक पहुंचाया।

गायकवाड़ ने संजू व उर्विल संग कीं तेज भागीदारियां

जवाब में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (42 रन, 28 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने संजू सैमसन (28 रन, 14 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) के साथ 22 गेंदों पर 45 रन जोड़े। फिर उर्विल के उतरतेरी रन गति और तेज हो गई क्योंकि उन्होंने ऋतुराज संग दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों पर ही 81 रन ठोक दिए। इसी क्रम में पॉवरप्ले में एक विकेट पर 97 रन जुड़ चुके थे। बाद में अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से चेन्नई ने 19.2 ओवरों में पांच विकेट पर 208 रन बनाकर जीत दर्ज की।

सीएसके की छठी जीत तो एलएसजी की आठवीं पराजय

चेन्नई की टीम 11 मैचों में लगातार तीसरी व कुल छठी जीत के बाद 12 अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि अंतिम पायदान पर काबिज सुपर जाएंट्स 11 मैचों में आठवीं हार के बाद सिर्फ छह अंक बटोर सका है। हालांकि तकनीकी रूप से यह पंत एंड कम्पनी तभी बाहर होगी, जब प्लेऑफ की चारों टों की तस्वीर साफ हो जाएगी।

स्कोर कार्ड

अपेक्षाकृत मजबूत लक्ष्य के सामने चेन्नई की पारी देखें तो गायकवाड़, संजू व उर्विल के बीच दो बड़ी भागीदारियों से 10 ओवरों के भीतर ही 126 रन जुड़ गए थे। शहबाज अहमद (2-30) ने उर्विल के बाद जब 13वें ओवर में ऋतुराज को लौटाया तो स्कोर 149 रनों तक जा पहुंचा था।

शिवम व प्रशांत ने चेन्नई की जीत पर लगाई अंतिम मुहर

वहीं आवेश खान (1-44) व दिग्वेश राठी (2-45) ने 169 के स्कोर पर डेवाल्ड ब्रेविस (10 रन, 12 गेंद, एक चौका) व कार्तिक शर्मा (20 रन, 20 गेंद, एक चौका) को चलता किया तो 23 गेंदों पर जीत के लिए 35 रनों की जरूरत थी। अंततः शिवम दुबे (नाबाद 15 रन, सात गेंद, दो छक्के) व प्रशांत वीर (नाबाद 17 रन, 12 गेंद दो छक्के) ने तेज हाथ दिखाते हुए 19 गेंदों पर अटूट 39 रनों की भागीदारी से टीम की जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

इंग्लिस के विस्फोट से लखनऊ ने 9 ओवरों में ठोक दिए 112 रन

इसके पूर्व लखनऊ की पारी में कंगारू बल्लेबाज इंग्लिस ने उतरते ही इस कदर विस्फोट शुरू किया कि पिछले मैच के शतकवीर मिचेल मार्श (10 रन,10 गेंद, एक छक्का) सामने वाले छोर पर खड़े देखते ही रह गए। इस क्रम में टीम के 50 रन 3.4 ओवरों में ही जुड़ गए तो इंग्लिस ने सिर्फ 18 गेंदों पर पचासा पूरा किया। वहीं पहले विकेट के लिए सिर्फ 31 गेंदों पर 77 रनों की भागीदारी हो गई। यही वजह थी कि मार्श व निकलस पूरन (एक रन) के आउट होने के बावजूद नौ ओवरों में स्कोर 112 रन पहुंच गया था।

शहबाज व प्रशांत ने 32 गेंदों पर जोड़े 50 रन

लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ओवर्टन की अगुआई में गेंदबाजों ने 10वें से 15वें ओवर के बीच 35 रनों के अंदर चार विकेट झटककर रन गति पर अंकुश लगा दिया। इनमें ओवर्टन ने इंग्लिश के बाद पंत व अंगकृष के भी बड़े विकेट निकाले। फिलहाल आखिरी ओवरों में शहबाज अहमद और हिम्मत सिंह (17 रन, 12 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने सातवें विकेट के लिए 32 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी टीम को 200 के पार पहुंचाया। ओवर्टन के अलावा अंशुल कम्बोज (2-47) व नूर अहमद (1-24) ने भी विकेट निकाले जबकि एडेन मार्करम (छह रन) सहित दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

सोमवार का मैच : पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (धर्मशाला, शाम 7.30 बजे)।

RELATED ARTICLES

Most Popular