नई दिल्ली, 2 अगस्त। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी महिला एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए रविवार को हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम घोषित कर दी। दमदार ओपनर स्मृति मंधाना टीम की उप कप्तान होंगी।
भारत ने अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं। शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष और कई अन्य स्टार खिलाड़ियों के साथ प्रेमा रावत ने भी अपनी जगह बनाए रखी है।
चोटिल श्रेयांका पाटिल टीम का हिस्सा नहीं
हालांकि श्रेयांका पाटिल टीम का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि वह अब तक टखने की लिगामेंट चोट से उबर नहीं पाई हैं। इसी चोट के कारण उन्हें टी20 विश्व कप से भी बीच में ही बाहर होना पड़ा था। बताया जा रहा है कि पाटिल एशियाई खेलों के लिए टीम में वापसी करेंगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करती है।

टूर्नामेंट का शेड्यूल अब तक घोषित नहीं
दिलचस्प यह है कि महिला एशिया कप 2026 का शेड्यूल अब तक घोषित नहीं किया गया है। उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट अगस्त के आखिर से सितम्बर के मध्य तक चलेगा। एशिया कप खत्म होने के तुरंत बाद 17 से 22 सितम्बर के बीच एशियाई खेलों का आयोजन होना है।
बीसीसीआई के आधिकारिक बयान के अनुसार टूर्नामेंट के विस्तृत कार्यक्रम और मुकाबलों की तिथियों की घोषणा जल्द ही एसीसी द्वारा की जाएगी। इस बार प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों के हिस्सा लेने की उम्मीद है, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक होने की संभावना है।
भारत ने अब तक रिकॉर्ड 7 बार जीती है ट्रॉफी
महिला एशिया कप में भारत का इतिहास बेहद शानदार रहा है और उसने अब तक रिकॉर्ड सात बार ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया है। हालांकि, वर्ष 2024 में खेले गए पिछले सीजन के फाइनल मुकाबले में भारत को श्रीलंका के हाथों एक उलटफेर का शिकार होना पड़ा था।
भारतीय टीम : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, एन. श्री चरणी व नंदनी शर्मा।
रिजर्व : प्रतिका रावल, उमा छेत्री (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, सायली सतघरे व मिन्नू मणि।
