बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना दो वर्षों में पहली बार मीडिया से करेंगी बात, 5 अगस्त के कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगी
नई दिल्ली, 2 अगस्त। बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में शरण लेने वालीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पहली बार राष्ट्रीय राजधानी में मीडिया रूबरू होने जा रही हैं। बांग्लादेश में छात्रों के बड़े पैमाने पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बीच उनकी सरकार के सत्ता से हटने के लगभग दो साल बाद यह कार्यक्रम हो रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया’ (FCC साउथ एशिया) की ओर से वर्चुअली किया जाएगा। इसमें हसीना के अपने भविष्य की योजनाओं और बांग्लादेश लौटने की योजना के बारे में बात करने की उम्मीद है।
मार्क टली ऑडिटोरियम में चर्चा
यह बातचीत पांच अगस्त की शाम छह बजे से 7.30 बजे तक यहां मथुरा रोड पर स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम में होगी और क्लब के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी। यह कार्यक्रम शेख हसीना के 15 वर्ष के शासन के खत्म होने के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पांच अगस्त, 2024 को विवादित कोटा सिस्टम के खिलाफ छात्रों के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन एक देशव्यापी सरकार-विरोधी आंदोलन में बदल गया था। इसके कारण हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी। ढाका में प्रदर्शनकारियों के सरकारी इमारतों में घुसकर तोड़-फोड़ करने के बाद शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत चली आई थीं, जिससे उनके लगभग 16 वर्षों के शासन का अचानक अंत हो गया।
पद छोड़ने के बाद पहला संबोधन
शेख हसीना भारत आने के बाद से सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत से दूर रही हैं। पद छोड़ने के बाद उनका होने वाला संबोधन, उनकी सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपस्थिति मानी जा रही है। निमंत्रण सूची में बांग्लादेश के कई राजनीतिक नेताओं, राजनयिकों और सार्वजनिक हस्तियों के नाम शामिल हैं, जिनके हसीना के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।
चर्चा में ये हस्तियां रहेंगी शामिल
- हसीना के बेटे पूर्व ICT सलाहकार साजीब वाजेद जॉय
- बांग्लादेश के पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल
- पूर्व राजनयिक और सुरक्षा विश्लेषक अमीनुल हक पोलाश
- बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन
- राजनीतिक और आतंकवाद-रोधी विश्लेषक अबू ओबैदा अरिन
- बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच के महासचिव मोहम्मद अली सिद्दीकी
- बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच USA के निदेशक शाह मोहम्मद बख्तियार
वाएल अव्वाद करेंगे अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता FCC साउथ एशिया और इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ प्रेस क्लब्स (IAPC) के प्रेसिडेंट डॉ. वाएल अव्वाद करेंगे। हसीना के सत्ता से हटने के बाद से बांग्लादेश के राजनीतिक हालात में काफी बदलाव आया है। नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का कार्यकाल फरवरी, 2026 के आम चुनावों के बाद खत्म हो गया, जिससे प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ।
कब बांग्लादेश लौटेंगी हसीना?
नई सरकार ने पिछली अवामी लीग सरकार के कई नेताओं के खिलाफ कानूनी काररवाई जारी रखी है जबकि कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने तक देश के आतंकवाद-रोधी कानून के तहत पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगी हुई है। वहीं शेख हसीना कई बार बांग्लादेश लौटने की बात जरूर कह चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्होंने अपने लौटने के समय का एलान नहीं किया है।
