हांगकांग ओपन : लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में, किदांबी श्रीकांत व रक्षिता की चुनौती समाप्त

कोवलून (हांगकांग), 20 नवम्बर। BWF विश्व टूर पर खिताबी हैट्रिक जमाने के लिए तत्पर शीर्षस्थ भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और शुक्रवार को पूर्व विश्व चैम्पियन सिंगापुर के लोह कीन यू को तीन गेमों में हराने के साथ पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

वहीं पुरुष युगल में विश्व नंबर पांच सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने भी तीन गेमों में मिली जीत सहारे अंतिम चार में जगह बना ली। लेकिन पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत व पिछले दो मैचों में उलटफेर करने वालीं 19 वर्षीया शटलर रक्षिता श्री संतोष रामराज का सफर थम गया।

लक्ष्य ने आठवीं सीड लोह कीन यू को 3 गेमों में शिकस्त दी

बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुके अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य ने काइ टाक एरेना के कोर्ट नंबर एक पर 55 मिनट तक खिंचे संघर्षपूर्ण क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लोह को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया।

अब तीसरी सीड एंटोनसेन को चुनौती देंगे

पिछले दिनों हाइलो ओपन व कुमामोतो मास्टर्स के रूप में लगातार दो खिताब जीत चुके विश्व नंबर 11 लक्ष्य अब तीसरी सीड डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन को चुनौती देंगे, जिन्होंने एक घंटा 28 मिनट तक खिंची कश्मकश में चीन के झू ज़ुआन चेन 21-18, 14-21, 24-22 से शिकस्त दी।

श्रीकांत दूसरी सीड थाई स्टार वितिदसार्न पार नहीं पा सके

लेकिन विश्व नंबर 30 किदांबी श्रीकांत दूसरी सीड थाई स्टार कुनलावुत वितिदसार्न को सिर्फ पहले गेम में चुनौती दे सके। पहले दौर में विश्व नंबर 15 कोकी वातानबे की उम्मीदें तोड़ने वाले 33 वर्षीय श्रीकांत कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के चौथे व अंतिम मैच में वितिदसार्न के खिलाफ 38 मिनट में 17-21, 7-21 से परास्त हुए।

सात्विक-चिराग ने चीनी टीम को बाहर किया

इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने कोर्ट नंबर दो पर दिन के दूसरे मैच में चीन के हू के युआन व लिन जियांग यी को परास्त किया। भारतीय दिग्गजों ने पहला गेम आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे गेम में वे अपनी लय खो बैठे। उन्होंने हालांकि बाद में वापसी करते हुए 59 मिनट में 21-12, 13-21, 21-16 से जीत हासिल की।

सात्विक व चिराग फाइनल में जगह बनाने के लिए अब मलेशिया के मैन वेई चोंग व टी काई वुन का सामना करेंगे। मलेशियाई जोड़ी ने डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड व मैड्स वेस्टरगार्ड 34 मिनट में 21-16, 21-16 से परास्त किया।

रक्षिता 53 मिनट तक लड़ने के बाद दूसरी सीड चोचुवोंग से हारीं

इस बीच महिला एकल में कोयम्बटूर की होनहार शटलर रक्षिता रामराज का शानदार सफर क्वार्टरफाइनल में थम गया, जिन्होंने कोर्ट नंबर दो पर दिन के पहले मैच में पांचवीं वरीयता प्राप्त थाई स्टार पोर्नपावी चोचुवोंग को 53 मिनट तक कड़ी चुनौती देने के बाद 19-21, 16-21 से हार स्वीकार की।

विश्व नंबर 47 रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में दूसरी सीड वरीयता प्राप्त चीनी दिग्गज चेन यू फी स्तब्ध किया था और पहले दौर में भी विश्व रैंकिंग में स्वयं से 27 स्थान ऊपर डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड को चौंकाया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular