जम्मू, 18 नवम्बर। सुरक्षा बलों ने बुधवार को तड़के दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकवादी लतीफ भट को ढेर कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भट 11 नवम्बर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी और उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की गई अपील के बावजूद आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया, ‘भट मारा गया है और मुठभेड़ स्थल से उसका शव तथा एक हथियार बरामद किया गया है।’
गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की सराहना
इस बीच लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि लतीफ भट घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी था।
घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी था लतीफ भट
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘JKP, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। उससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश JKP, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।’
With the coordinated efforts of JKP, Indian Army, CRPF and intelligence agencies, Lashkar’s last known active local terrorist in the valley, Lateef Bhat, was neutralised in an operation in Kulgam in the early morning hours today. One of his terrorist associates, Umar Nisar, was also neutralised in Kulgam, the day before. The entire operation was marked by a very high level of synergy.
The nation salutes the brave Jawans of JKP, Army and CRPF and intelligence agencies.
— Amit Shah (@AmitShah) November 18, 2026
सीआरपीएफ के महानिदेशक जी. पी. सिंह ने इस अभियान के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की। कश्मीर जोन पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खरेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।’
अधिकारियों के अनुसार, भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवम्बर को कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे।
दो दिन पहले मुठभेड़ में लतीफ का साथी उमर निसार मारा गया था
उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में डार मारा गया था, लेकिन भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक दल ने बुधवार तड़के जांगलपोरा में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह इलाका सोमवार को हुई मुठभेड़ के स्थल से करीब नौ किलोमीटर दूर है।
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इनायत अली चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि सुरक्षाबलों ने उस मस्जिद की घेराबंदी कड़ी कर दी थी, जिसमें भट छिपा हुआ था। उन्होंने बताया कि हालांकि, धार्मिक स्थल की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बलों ने ‘अधिकतम संयम’ बरता और उसे हथियार डालने के लिए राजी करने का लंबे समय तक प्रयास किया।
भट ने आत्मसमर्पण की सुरक्षाबलों की अपील ठुकरा दी
चौधरी ने कहा, ‘हमने लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए राजी करने की पूरी कोशिश की और उससे बार-बार अपील की। मैंने और सेना के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) ने मस्जिद के अंदर भेजे गए एक फोन पर वीडियो कॉल के जरिए उससे काफी देर तक बातचीत की।’ उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने भट से कहा कि वह अभी युवा है और उसे आत्मसमर्पण कर देना चाहिए, लेकिन वह नहीं माना।
वहीं, सुरक्षा बलों द्वारा मस्जिद में छिपे आतंकवादी से आत्मसमर्पण करने की अपील के वीडियो भी सोशल मीडिया पर आए। एसएसपी ने बताया कि जब भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, तो मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें भट मारा गया।


