नई दिल्ली, 20 नवंबर। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी और फ्लू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कई लोग जल्दी ठीक होने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं लेने लगते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो सावधान हो जाइए। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी वायरल बीमारियों में एंटीबायोटिक का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसा करना न केवल बेअसर हो सकता है, बल्कि भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह भी बन सकता है।
WHO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सर्दी-जुकाम और फ्लू का इलाज एंटीबायोटिक से नहीं किया जाना चाहिए। इसकी वजह यह है कि ये बीमारियां आमतौर पर वायरस के कारण होती हैं, जबकि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के इलाज में काम आती हैं।
-
वायरल संक्रमण में क्यों बेअसर हैं एंटीबायोटिक?
दरअसल, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां ज्यादातर वायरल संक्रमण के कारण होती हैं। ऐसे में एंटीबायोटिक लेने से न तो वायरस खत्म होते हैं और न ही बीमारी जल्दी ठीक होती है। ये दवाएं बैक्टीरिया पर असर करती हैं, इसलिए वायरल संक्रमण में इनका इस्तेमाल करने का कोई सामान्य फायदा नहीं होता। सामान्य वायरल संक्रमण अक्सर कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाते हैं। ऐसे में पर्याप्त आराम करना, पानी पीना और लक्षणों के अनुसार उचित देखभाल करना फायदेमंद हो सकता है। यदि लक्षण गंभीर हों या लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
-
एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल से बढ़ रहा है AMR का खतरा
WHO ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को दुनिया के सामने एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया है। यह स्थिति तब पैदा होती है, जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी उन दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं, जिनसे पहले उनका इलाज किया जाता था। इसके चलते संक्रमण का उपचार मुश्किल हो जाता है और कई बार उपलब्ध दवाएं भी प्रभावी नहीं रह जातीं। एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में शामिल है। इसका असर केवल इंसानों की सेहत तक सीमित नहीं है, बल्कि जानवरों, खेती, खाद्य सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण पर भी पड़ता है।
-
सर्दी-जुकाम होने पर क्या करें?
1- बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं न लें।
2- शरीर को पर्याप्त आराम दें।
3- पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
4- बुखार, खांसी या अन्य लक्षणों के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लें।
5- लक्षण गंभीर होने या लगातार बने रहने पर चिकित्सकीय जांच कराएं।
-
दवाओं का सही इस्तेमाल ही बचाव का सबसे अच्छा तरीका
सर्दी-जुकाम और फ्लू होने पर जल्द ठीक होने की जल्दबाजी में खुद से एंटीबायोटिक लेना नुकसानदायक हो सकता है। याद रखें कि हर संक्रमण के इलाज के लिए एक जैसी दवाएं काम नहीं करतीं। एंटीबायोटिक का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। दवाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करके ही भविष्य में उनकी प्रभावशीलता को बनाए रखा जा सकता है।


