मुंबई, 20 नवम्बर। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली दिखी और कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन गिरावट के साथ खुले दोनों मानक सूचकांक अंत में मजबूत बढ़त लेकर बंद हुए। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी, बैंकों के शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का यह असर रहा कि बीएसई सेंसेक्स 898 अंकों की उछाल से जहां 84,000 के निकट जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 286 अंक चढ़कर 25,800 के पार बंद हुआ।
सेंसेक्स 897.96 अंक चढ़कर 83,919.71 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़कर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले 463 अंकों की गिरावट से खुला सूचकांक जल्द ही कुल 618 अंकों की कमजोरी से 82,403.27 तक जा गिरा था।
सेंसेक्स ने दिन के निचले स्तर से 1,635 अंकों की छलांग से उच्चतम स्तर देखा
लेकिन सूचकांक ने तत्काल रफ्तार पकड़ी और कारोबार के दौरान एक समय यह 1,016.21 अंक यानी 1.22 प्रतिशत उछलकर 84,037.96 अंक पर पहुंच गया था। यानी सेंसेक्स ने दिन के निचले स्तर से 1,635 अंकों की छलांग लगाकर दिन का उच्चतम स्तर देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी रही।
निफ्टी 286.30 अंकों की बढ़त लेकर 25,800.60 पर बंद
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,800.60 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार के मुकाबले 146 अंकों की गिरावट से खुले सूचकांक ने दिन के निचले स्तर 25,345.20 से 464 अंकों की उछाल मारते हुए 25,808.80 पर दिन का उच्चतम स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 32 के स्टॉक मजबूती लेकर रुके तो 18 में गिरावट दर्ज की गई।
नवम्बर में सेंसेक्स व निफ्टी ने अब तक देखी है इतनी तेजी
दरअसल, इस माह घरेलू शेयर बाजार में लगातार मजबूती का रुझान दिखा है। नवम्बर में अब तक सेंसेक्स 9,460.18 अंक यानी 12.70 प्रतिशत और निफ्टी 2,747.5 अंक यानी 11.91 प्रतिशत चढ़ चुका है।
कोटक महिंद्रा बैंक के स्टॉक में सबसे अधिक 3.08% की तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक के स्टॉक में सबसे अधिक 3.08 प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक 3.02 प्रतिशत, मारुति 2.88 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.75 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.47 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 2.22 प्रतिशत चढ़ गया। इसके विपरीत टाइटन, टाटा स्टील, एनटीपीसी और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।
एफआईआई ने 7,411.41 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 7,411.41 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की थी। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 90.24 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


