नई दिल्ली, 14 नवंबर। दुनियाभर में मधुमेह यानी डायबिटीज के बढ़ते मामलों और इसके प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर साल 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने डायबिटीज के लक्षणों और बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया है। WHO ने बताया है कि बहुत ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, धुंधला दिखाई देना और लगातार थकान महसूस होना डायबिटीज के संकेत हो सकते हैं। संगठन ने लोगों को सलाह दी है कि इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते जांच कराएं।
डायबिटीज के ये 6 लक्षण दिखें तो हो जाएं सावधान
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर पूछा कि क्या लोग डायबिटीज के लक्षण पहचान सकते हैं? इसके साथ ही संगठन ने मधुमेह के प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, निम्नलिखित लक्षण दिखाई देने पर मधुमेह की जांच करानी चाहिए।
1. बार-बार प्यास लगना: सामान्य से अधिक प्यास महसूस होना डायबिटीज का संकेत हो सकता है।
2. बार-बार पेशाब आना: बिना किसी स्पष्ट कारण के बार-बार पेशाब जाना भी इसका प्रमुख लक्षण है।
3. धुंधला दिखाई देना: आंखों से साफ दिखाई न देना या नजर कमजोर महसूस होना।
4. लगातार थकान: पर्याप्त आराम के बावजूद शरीर में थकान और कमजोरी महसूस होना।
5. घाव देर से भरना: शरीर पर लगी चोट या घाव को ठीक होने में सामान्य से अधिक समय लगना।
6. बार-बार संक्रमण होना: शरीर में बार-बार संक्रमण की समस्या होना भी डायबिटीज से जुड़ा हो सकता है।
टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज में क्या है अंतर?
WHO के अनुसार, टाइप-1 डायबिटीज के लक्षण अक्सर तेजी से सामने आते हैं। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को मधुमेह से जुड़े लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। वहीं, टाइप-2 डायबिटीज धीरे-धीरे विकसित होती है। कई बार इसके लक्षण बहुत हल्के होते हैं या दिखाई ही नहीं देते। यही वजह है कि कई लोगों को लंबे समय तक पता नहीं चल पाता कि वे मधुमेह से पीड़ित हैं। यदि किसी व्यक्ति को डायबिटीज होने की आशंका है तो उसे डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी से सलाह लेकर जांच करानी चाहिए।
40 फीसदी से ज्यादा लोगों को नहीं चल पाता डायबिटीज का पता
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनियाभर में मधुमेह से पीड़ित 40 प्रतिशत से अधिक लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी नहीं होती। इसके कारण उन्हें समय पर जरूरी देखभाल, इलाज और स्वास्थ्य संबंधी सहायता नहीं मिल पाती। WHO का कहना है कि डायबिटीज के लक्षणों के प्रति जागरूकता बढ़ाने से लोगों को समय रहते बीमारी की पहचान करने और इलाज शुरू करने में मदद मिल सकती है। समय पर निदान होने से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने और स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।
World Diabetes Day 2026 की क्या है थीम?
विश्व मधुमेह दिवस 2026 की थीम ‘मधुमेह पर जल्दी एक्शन’ है। इसका मुख्य उद्देश्य समय पर बीमारी की पहचान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और डायबिटीज से जुड़े सामाजिक भेदभाव को कम करने के महत्व को सामने लाना है। WHO ने डायबिटीज के निदान में अंतर को कम करना वैश्विक प्राथमिकता बताया है। संगठन के सदस्य देशों द्वारा समर्थित पांच वैश्विक मधुमेह कवरेज लक्ष्यों में एक लक्ष्य यह भी है कि वर्ष 2030 तक मधुमेह से पीड़ित कम से कम 80 प्रतिशत लोगों की बीमारी का निदान हो जाए। इस विश्व मधुमेह दिवस पर WHO का संदेश साफ है कि डायबिटीज के लक्षणों को पहचानें, समय पर जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने में देरी न करें।


