FIFA विश्व कप 2026 : आखिरी मिनट के गोल से ब्राजील अंतिम 16 में, जर्मनी व नीदरलैंड्स बाहर
ह्यूस्टन, 30 जून। पांच बार के पूर्व चैम्पियन ब्राजील ने राउंड ऑफ 32 के एक रोमांचक मुकाबले में गैब्रियल मार्टिनेली द्वारा स्टॉपेज टाइम के आखिरी मिनट किए गए गोल से जापान को 2-1 से हराकर FIFA विश्व कप 2026 के पूर्व क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लेकिन चार बार के पूर्व विजेता जर्मनी और नीदरलैंड्स को बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
A late goal sees Brazil into the next round! 🇧🇷#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 29, 2026
पैराग्वे ने शूटआउट में जर्मनी की विदाई की, मोरक्को से हारा नीदरलैंड्स
बोस्टन में खेले गए रोमांच की पराकाष्ठा वाले मैच में जर्मनी व पैराग्वे निर्धारित समय तक 1-1 बराबर रहे। पेनाल्टी शूटआउट में पैराग्वे ने 4-3 की जीत से जर्मनों की उम्मीदें तोड़ दीं। कुछ वैसा ही नजारा मोंटेरे में दिखा, जब मोरक्को व नीदरलैंड्स का मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से बराबरी पर छूटा। लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में मोरक्को की टीम 3-2 से विजयी रही।
Paraguay power into the Round of 16 on penalties! 💪#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 29, 2026
जापान के खिलाफ पिछड़ने के बाद ब्राजील ने वापसी की
ब्राजील बनाम जापान के बीच राउंड ऑफ 32 मुकाबले की बात करें तो यह अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था क्योंकि नियमित समय और छह मिनट के अतिरिक्त समय की शुरुआत तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। लेकिन मार्टिनेली ने आखिरी मिनट में शानदार गोल किया और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम ब्राजील को अगले दौर में पहुंचा दिया। हालांकि मैच की शुरुआत में ब्राजील पिछड़ गया था, जब काइशु सानो ने 29वें मिनट में जापान को बढ़त दिलाई थी। फिलहाल 56वें मिनट में कैसिमिरो ने ब्राजील को बराबरी दिलाई थी।
Five-time champions Brazil book their place in the @FIFAWorldCup Round of 16! 🇧🇷👏 pic.twitter.com/x5Tpp54e2H
— FIFA (@FIFAcom) June 29, 2026
विश्व कप इतिहास में जर्मनी ने पहली बार पेनाल्टी शूटआउट गंवाया
सच पूछें तो टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर जर्मनी की विदाई के रूप में देखने को मिला, जिसे विश्व कप इतिहास में पहली बार पेनाल्टी शूटआउट गंवाना पड़ा। पहले हाफ के आखिर में जूलियो एनसिसो ने हेडर से गोल करके पैराग्वे को बढ़त दिलाई थी जबकि 52वें मिनट में काई हावर्ट्ज ने जर्मनी के लिए बराबरी का गोल किया। अतिरिक्त समय के 102वें मिनट में जर्मनी का एक गोल अमान्य कर दिया गया।

जर्मनी ने आखिरी बार 2014 में जीता था विश्व कप
अंततः पेनाल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराने वाला पैराग्वे पहला देश बन गया। इसके साथ ही पैराग्वे ने लगभग 24 वर्षों बाद जर्मनी से हिसाब चुकता किया, जिसने इसके पूर्व दोनों टीमों की इकलौती मुलाकात (2002 में राउंड ऑफ 16) 1-0 से जीत हासिल की थी। वहीं 2014 में आखिरी बार ट्रॉफी जीतने के बाद जर्मनी विश्व कप में लगातार संघर्ष करता रहा है। पैराग्वे की अब फ्रांस बनाम स्वीडन मैच के विजेता से टक्कर होगी।
Paraguay make history! 🇵🇾
After scoring their first-ever @FIFAWorldCup knockout goal, they went on to defeat Germany on penalties and secure a spot in the Round of 16 👏 pic.twitter.com/4L8MNH5qLt
— FIFA (@FIFAcom) June 29, 2026
नीदरलैंड्स पहली बार राउंड ऑफ 16 में नहीं पहुंच सका
नीदरलैंड्स का जहां तक सवाल है तो पहली बार टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में असफल रहा। इससे पहले डच टीम 11 विश्व कप में कम से कम राउंड ऑफ 16 तक पहुंची था और चार वर्ष पहले कतर में वह क्वार्टर फाइनल तक जाने में सफल रही थी। वहीं मोरक्को ने पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक का शानदार सफर तय किया था।
🇲🇦 Morocco win on penalties to advance to the Round of 16!#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 30, 2026

मोरक्को पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा था
शूटआउट में नीदरलैंड्स के लिए ट्यून कूपमीनर्स व वाउट वेघोर्स्ट ने गोल किए जबकि मोरक्को के लिए सूफियान रहीमी, चेम्सदीन तालबी व इस्माइल सैबारी ने गोल कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। नियमित समय में कोडी गैकपो ने नीदरलैंड्स के लिए 72वें मिनट में गोल किया जबकि मोरक्को के इस्सा डियोप ने 91वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया।
A last-minute winner sends Canada to the Round of 16! 👊#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 28, 2026
दक्षिण अफ्रीका पर जीत से कनाडा पहली अंतिम 16 में
इसके पूर्व दिन के पहले राउंड ऑफ 32 मुकाबले में कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर विश्व कप इतिहास में पहली बार पूर्व क्वार्टर फाइनल का सफर तय किया। लॉस एंजलिस में खेले गए मैच का इकलौता गोल स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में स्टीफन यूस्टाकियो ने किया। कनाडा की अब क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए मोरक्को से मुलाकात होगी।
