1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. पूर्व भारतीय क्रिकेट श्रीसंत को राहत : बिना शर्त माफी मांगने के बाद KCA ने हटाया 3 वर्ष का प्रतिबंध
पूर्व भारतीय क्रिकेट श्रीसंत को राहत : बिना शर्त माफी मांगने के बाद KCA ने हटाया 3 वर्ष का प्रतिबंध

पूर्व भारतीय क्रिकेट श्रीसंत को राहत : बिना शर्त माफी मांगने के बाद KCA ने हटाया 3 वर्ष का प्रतिबंध

0
Social Share

तिरुवनंतपुरम, 1 जुलाई। पूर्व भारतीय पेसर शांताकुमारन श्रीसंत को करीब एक वर्ष बाद राहत मिली, जब केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने अपनी विशेष आम सभा में उनकी बिना शर्त माफी स्वीकार कर ली और उन पर लगाया गया तीन वर्षों का प्रतिबंध हटा लिया। पिछले वर्ष KCA के खिलाफ कथित मानहानिकारक बयान देने के आरोप में एस. श्रीसंत पर यह प्रतिबंध लगाया गया था।

केसीए के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में लगा था बैन

केसीए की ओर से जारी बयान के अनुसार यह फैसला क्रिकेटर के बिना शर्त माफी मांगने और केसीए के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताने के बाद किया गया। श्रीसंत को पहले विजुअल और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के कारण तीन वर्ष के लिए सस्पेंड किया गया था। केसीए का कहना था कि इन टिप्पणियों से एसोसिएशन की बदनामी हुई थी।

श्रीसंत ने हालांकि तिरुवनंतपुरम मुंसिफ कोर्ट में इस अनुशासनात्मक काररवाई को चुनौती दी थी। लेकिन KCA के अनुसार उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद श्रीसंत ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ अपनी टिप्पणियों पर अफसोस जताते हुए बिना शर्त आधिकारिक माफीनामा सौंपा।

भविष्य में ऐसा कोई भी आचरण न करने की चेतावनी भी मिली

KCA की बुधवार को आहूत विशेष आम सभा में श्रीसंत माफी पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके बिना शर्त अफसोस जताने को ध्यान में रखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया। हालांकि, एसोसिएशन ने श्रीसंत को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कोई भी व्यवहार करने पर सख्त अनुशासनात्मक काररवाई की जाएगी।

KCL सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स के सह-मालिक बने रह सकेंगे

प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग (KCL) सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रैंचाइजी के सह-मालिक के तौर पर बने रह सकेंगे। केसीए ने पिछले KCL सीजन से पहले यह प्रतिबंध लगाया था।

श्रीसंत के क्रिकेट करिअर पर एक नजर

उल्लेखनीय है कि श्रीसंत ने देश के लिए तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला है। उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 T20I मैच खेले। श्रीसंत ने टेस्ट में 37.59 के औसत से 87 विकेट लिए। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 और एक मैच में 8/99 रहा। इसमें चार बार 4-4 विकेट और तीन बार 5-5 विकेट लिए।

वनडे क्रिकेट में श्रीसंत ने 33.44 की औसत से 75 विकेट लिए। उनका करिअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/55 रहा। श्रीसंत ने T20I में 10 मैच में सात विकेट लिए। श्रीसंत ने घरेलू क्रिकेट में 74 फ़र्स्ट-क्लास मैच खेले और 213 विकेट लिए (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40)। इसके अलावा उन्होंने 92 लिस्ट A मैचों में 124 विकेट और 65 T20 मैचों में 54 विकेट लिए।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code