अखिलेश यादव ने जन्मदिन पर लॉन्च किया ‘समाजवादी पार्टी’ एप, 20 रुपये में मिलेगी सदस्यता
लखनऊ, 1 जुलाई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर ‘समाजवादी पार्टी’ नाम से एक डिजिटल एप लॉन्च किया। इस एप के जरिए 20 रुपये में की कोई भी पार्टी की सदस्यता हासिल कर सकता है। इस एप के माध्यम से PDA प्रहरी बूथ स्तर पर समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वालों का जताया आभार
अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आहूत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जो कार्यकर्ता भंडारे कर रहे हैं और समाज सेवा के कार्यों में लगे हैं, उन सभी को वह धन्यवाद देते हैं।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया एप
‘समाजवादी पार्टी’ डिजिटल एप का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह एप संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हालांकि, जो भी व्यक्ति समाजवादी पार्टी से जुड़ना चाहता है, वह भी इस एप के माध्यम से सदस्य बन सकेगा और उसकी पूरी जानकारी पार्टी तक पहुंचेगी।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता – 01/07/2026 https://t.co/OIr30Ui4d4
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 1, 2026
पार्टी इस अभियान के तहत लोगों से चंदा भी एकत्र करेगी
उन्होंने बताया कि सदस्यता शुल्क 20 रुपये रखा गया है। इसके साथ ही पार्टी इस अभियान के तहत लोगों से चंदा भी एकत्र करेगी। उन्होंने कहा कि यह सदस्यता अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसी दौरान समाजवादी पार्टी कार्यालय में उनकी मौजूदगी में अंजलि को ऑनलाइन माध्यम से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके साथ नाइंसाफी हुई है, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उन्हें सम्मान दिया जाएगा।
राम मंदिर विवाद पर भाजपा को घेरा
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी रिपोर्ट लगातार बढ़ाई जा रही है. अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया कि राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का पता आखिर कैसे चला। इस पर उन्होंने कहा कि यह विचार उनके मन में भगवान श्रीराम की कृपा से आया, किसी ने उन्हें इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने ट्वीट करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे तक सोते हैं।
समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश
19, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ
प्रकाशन/प्रसारण हेतु-
दिनांकः 01.07.2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन आज राजधानी लखनऊ सहित पूरे देश और प्रदेश में करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा… pic.twitter.com/0kESkI21BD— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 1, 2026
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित थाने में पुलिसकर्मी रिश्वत लेते पकड़े गए थे, जिसके बाद पूरे थाने को निलंबित करना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आवास के बगल में ही एक पुलिस अधिकारी ने बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि उनके आवास को लेकर भी पल-पल यह प्रचार किया गया कि वहां होटल बनाया जा रहा है, लेकिन भगवान श्रीराम की कृपा से सच्चाई सामने आ गई।
भाजपा पर संविधान से धोखे का आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और संविधान दोनों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने न तो मर्यादा का सम्मान किया और न ही संविधान का।
अयोध्या के विकास का खाका खींचा
उन्होंने कहा कि केदारेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है और कुछ ही दिनों में मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद वह वहां दर्शन करने जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। विकास के दौरान वहां के दुकानदारों और स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा की जाएगी तथा अयोध्या को एक आदर्श धर्मनगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश
19, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ
प्रकाशन/प्रसारण हेतु-
दिनांकः 01.07.2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार प्रकट… pic.twitter.com/sbCwhJrSyV— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 1, 2026
किसानों के मुद्दे पर सरकार को कोसा
अखिलेश यादव ने कहा कि वह कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अयोध्या के मुद्दों को उठाते रहे हैं। वहां जमीनों का बंदरबांट हो रहा है, किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा है, लेकिन सरकार ने उनकी एक भी बात नहीं सुनी। पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के उप चुनावों का जिक्र करते हुए उऩ्होंने कहा कि जिस तरह वहां चुनाव हुए, यदि उसी तरह 2027 का विधानसभा चुनाव कराया गया तो लोग अपना आखिरी वोट डाल रहे होंगे, उसके बाद चुनाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में पांच लाख केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात कर दिए जाएंगे तो फिर जनता क्या करेगी और कौन उनका साथ देगा।
गठबंधन की ‘806’ तैयारियों का गणित
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटें हैं और समाजवादी पार्टी सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रही है। यदि कांग्रेस भी 403 सीटों पर तैयारी कर रही है तो इसका मतलब 806 तैयारियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एक ही विधानसभा सीट पर दो-दो दलों की तैयारी गठबंधन को और मजबूत बनाएगी।
"मायावती जी का भी धन्यवाद मुख्यमंत्री जी का भी धन्यवाद कई साथियों का मैसेज हमारी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता दूसरे दलों के उन सभी को आपके माध्यम से बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार प्रकट कर रहा हूं।"
– माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/dWXcykhuCu
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 1, 2026
जन्मदिन की बधाई के लिए सीएम योगी व मायावती का जताया आभार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जन्मदिन की बधाई दिए जाने पर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती द्वारा जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए उनका भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न दलों के कई नेताओं से उनकी फोन पर भी बातचीत हुई और सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, जिसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं।
