यूपी : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार से टकराई बस, कार सवार 5 लोगों की मौत, 8 लोग घायल
उन्नाव, 1 जुलाई। उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई जबकि बस में सवार चार और कार सवार चार सहित कुल आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्लीपर बस (BR 06 PF 1024) हरियाणा से बिहार जा रही थी और तड़के करीब 4.30 बजे थाना बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 के पास यह हादसा हुआ।
डीएम घनश्याम मीणा ने बताया कि फरीदाबाद से बिहार जा रही एक निजी बस के चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसके सामने से आ रही एक कार से भीषण टक्कर हो गई।

कार में सवार नौ लोग कुशीनगर से मथुरा जा रहे थे। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उन्नाव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। हादसे में बस के चार यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से चालू करा दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लिया और जान गंवाने वालों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
