काराकास, 29 जून। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो भीषण भूकंपों के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 1,450 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। सरकार की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, बुधवार को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अब तक 430 हल्के और मध्यम तीव्रता के झटके दर्ज किए जा चुके हैं।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस आपदा में 3,238 लोग घायल हुए हैं और 3,142 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। जॉर्ज रोड्रिगेज ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हजारों राहतकर्मी चौबीसों घंटे मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव कार्य में जुटे हैं। सरकार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस बीच, वेनेजुएला फाउंडेशन फॉर सीस्मोलॉजिकल रिसर्च ने शनिवार को देश के मध्य क्षेत्र में 4.1 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज होने की पुष्टि की।
इसका केंद्र ला गुएरा शहर से करीब 35 किलोमीटर पश्चिम में और केवल 5 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई के कारण झटके अधिक तीव्र महसूस किए गए, जिससे पहले से डरे हुए लोगों में फिर से दहशत फैल गई। काराकास और आसपास के इलाकों में लोगों ने तेज झटके महसूस किए। कई नागरिक इमारतों के ढहने की आशंका के चलते घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए।
इससे पहले आए दो बड़े भूकंपों में कई इमारतें ढह गई थीं, भूस्खलन की घटनाएं हुई थीं और व्यापक स्तर पर जान-माल का नुकसान हुआ था। तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी तबाही के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन प्रभावित समुदायों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, जबकि विशेषज्ञों ने आफ्टरशॉक की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
