FIH हॉकी विश्व कप : अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स से छीनी महिला उपाधि, शूटआउट में हारीं 9 बार की चैम्पियन सह मेजबान

एम्सटेलवीन, 29 अगस्त। विश्व रैंकिंग की शीर्ष दो महिला टीमों के बीच शनिवार को यहां हुई खिताबी टक्कर वाकई रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंची, जिसका फैसला निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। इस कटाकटी में अंततः विश्व नंबर दो लैटिन अमेरिकी देश अर्जेंटीना ने नौ बार की चैम्पियन व सह मेजबान नीदरलैंड्स टीम के लगातार चौथा खिताब जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और शूटआउट में 3-1 की जीत से न सिर्फ पिछले संस्करण के फाइनल में मिली पराजय का हिसाब चुकाया वरन खुद 16 वर्षों बाद तीसरी बार चैम्पियन का श्रेय अर्जित कर लिया।

लैटिन अमेरिकी देश ने तीसरी बार जीता स्वर्ण पदक

उल्लेखनीय है कि पिछली बार विश्व कप में अर्जेंटीना को नीदरलैंड्स ने 3-1 से ही हराया था। इससे पहले अर्जेंटीना ने 2002 और 2010 में नीदरलैंड्स को ही हराकर स्वर्ण पदक जीता था जबकि डच टीम दसवीं बार चैम्पियन की लाइन में थी।

शूटआउट में अर्जेंटीनी खिलाड़ियों के निशाने सटीक बैठे

पेनाल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना के लिए विक्टोरिया ग्रानाटो, ब्रिसा ब्रगेसेर और सोफिया काइरो ने गोल दागे जबकि डियाज जो का गोल अमान्य करार दिया गया। वहीं नीदरलैंड्स के लिए वीन मारिन ने गोल किया जबकि पियेन सैंडर्स, फेलिस अलबर्स और मोएस फ्रीके के निशाने चूक गए।

निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 बराबर था

नारंगी रंग से सराबोर दर्शकों से खचाखच भरे वेगनेर हॉकी स्टेडियम पर इस विश्व कप के आखिरी मैच में नीदरलैंड् के लिए पहला गोल 30वें मिनट में पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर दुनिया की नंबर एक ड्रैग फ्लिकर मानी जाने वाली यिब्बी यानसेन ने किया। वहीं अर्जेंटीना को मैच में आठ पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से अंतिम पर कप्तान मारिया ग्रानाटो ने 54वें मिनट में रिबाउंड पर बराबरी का गोल दागकर मैच को पेनाल्टी शूटआउट में खींच दिया। फिलहाल शूटआउट में अर्जेंटीनी टीम ज्यादा ही मजबूत साबित हुई।

बेल्जियम ने जीता कांस्य पदक, ऑस्ट्रेलिया 0-1 से परास्त

इसके पूर्व कांस्य पदक (तीसरा स्थान) के लिए खेले गए प्लेऑफ मैच में विश्व नंबर तीन व सह मेजबान बेल्जियम ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 परास्त किया। मैच के 20वें मिनट में बेल्जियम को मिले पहले शॉर्ट कॉर्नर पर चार्लोटी एंजलबर्ट ने विजयदायिनी इकलौता गोल किया।

प्रतिभागी 16 टीमों की अंतिम स्थिति

  1. अर्जेंटीना, 2. नीदरलैड्स, 3. बेल्जियम, 4. ऑस्ट्रेलिया, 5. भारत, 6. जर्मनी, 7. स्पेन, 8. चीन, 9. इंग्लैंड, 10. अमेरिका, 11. जापान, 12. स्कॉटलैंड, 13. ऑयरलैंड, 14. दक्षिण अफ्रीका, 15. न्यूजीलैंड, 16. चिली।

पुरुष वर्ग में चैम्पियन जर्मनी रविवार को स्पेन के खिलाफ खिताब बचाने उतरेगा

इस बीच पुरुष वर्ग में तीन बार का चैम्पियन जर्मनी रविवार को वॉवरे (बेल्जियम) के बेल्फियस एरेना में स्पेन के खिलाफ खिताब बचाने उतरेगा, जो उसने वर्ष 2023 में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में बेल्जियम को हराकर जीता था।

उल्लेखनीय है कि विश्व नंबर चार जर्मनी ने शुक्रवार को अर्जेंटीना को 2-1 से हराकर छठी बार फाइनल में प्रवेश किया जबकि सातवें क्रम पर काबिज दो बार के उपजेता स्पेन ने रोमांचक संघर्ष के बाद ओलम्पिक चैम्पियन, सह मेजबान व विश्व नंबर एक नीदरलैंड्स को 4-3 से हराकर तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular