लखनऊ, 22 नवंबर, Gold-Silver Price : सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी के बाद आई गिरावट ने सराफा बाजार का समीकरण बदल दिया है। कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाले दोनों कीमती धातुओं के भाव अब नीचे आ रहे हैं। सहालग का सीजन शुरू हो चुका है और देवोत्थान एकादशी के बाद मांगलिक कार्यों में भी तेजी आई है, लेकिन कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते ग्राहक फिलहाल खरीदारी से बच रहे हैं। उन्हें आशंका है कि अगर आने वाले दिनों में भाव और गिरे तो उन्हें आर्थिक नुकसान हो सकता है।
रिकॉर्ड स्तर से नीचे आए सोने-चांदी के भाव
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते बीते दिनों सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया था। सोना जहां 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था, वहीं चांदी का भाव भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर 4.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गया था। हालांकि, अब बाजार की परिस्थितियां बदल रही हैं और दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है।
भाव और गिरने के डर से ग्राहकों ने रोकी खरीदारी
ज्वेलर्स एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष मधुकर कक्कड़ ने ‘नवभारत’ को बताया कि मिडिल ईस्ट का तनाव कम होने के बाद बाजार धीरे-धीरे स्थिरता की ओर लौट रहा है। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि सहालग शुरू होने से पहले बाजार में खरीदारी का अच्छा माहौल था। ग्राहक सोने-चांदी के आभूषण खरीदने पहुंच रहे थे, लेकिन लगातार गिरते भाव ने उनके मन में असमंजस पैदा कर दिया है। ग्राहकों को डर है कि आज खरीदारी करने के बाद यदि कीमतें और नीचे आ गईं तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी आशंका के चलते लोगों ने फिलहाल खरीदारी रोक दी है।
पांच हजार रुपये तक और गिर सकते हैं भाव
मधुकर कक्कड़ का मानना है कि अब सोने-चांदी की कीमतों में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। अधिकतम पांच हजार रुपये तक की और कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों कीमती धातुओं के भाव कभी भी दोबारा चढ़ना शुरू हो सकते हैं। जैसे ही कीमतों में तेजी का रुख बनेगा, ग्राहक फिर से खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगेंगे। फिलहाल मांगलिक कार्यों का सीजन होने के बावजूद ग्राहक कीमतों में स्थिरता आने का इंतजार कर रहे हैं। इससे सराफा कारोबारियों की निगाहें अब बाजार के अगले रुख पर टिकी हैं।
सोने-चांदी के मौजूदा भाव
वर्तमान में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है, जबकि चांदी का भाव लगभग 1.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताया जा रहा है।


