जयपुर, 22 नवंबर। राजस्थान में रविवार तड़के और शनिवार शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास तेज रफ्तार क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। वहीं, फलोदी जिले में श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो ट्रैवलर की कार से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और 15 लोग घायल हुए हैं।
खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहा था परिवार, ट्रक से टकराई क्रूजर
कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास रविवार तड़के यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, क्रूजर वाहन में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक विस्तृत परिवार के 16 सदस्य सवार थे। सभी सीकर जिले में स्थित खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर में सवार नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और वाहन में फंसे लोगों को निकालने के अभियान की निगरानी की।
चालक को झपकी आने की आशंका, ट्रक चालक भी घायल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी। इसी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। ट्रक चालक हारून ने बताया कि ट्रक में खराबी आने के कारण उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वह करीब 20 फुट दूर जा गिरा। करीब 10 मिनट बाद होश आने पर उसने खुद पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। हादसे में उसके घुटनों और सिर में चोट आई है।
हादसे में इन लोगों की गई जान
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उषा (60), सुशीला (65), कैलाश (45), जानवी (छह), सज्जन (60), अनीता, बाबुआल (60), जानवी (13) और माधवी (45) के रूप में हुई है। घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं।
फलोदी में श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो ट्रैवलर की कार से टक्कर, तीन की मौत
राजस्थान के फलोदी जिले में भी सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मंडला कला के पास शनिवार शाम श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो ट्रैवलर की एक कार से टक्कर हो गई। टेम्पो ट्रैवलर में गुजरात के श्रद्धालु सवार थे, जो रामदेवरा स्थित धार्मिक स्थल के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद घायलों को पहले देचू उप-जिला अस्पताल और मंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को जोधपुर रेफर किया गया। कुल 16 घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चार घायल अब भी अस्पताल में भर्ती
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर एक घायल को मृत घोषित कर दिया गया। अधिकतर घायलों को उनके परिजन बाद में गुजरात ले गए। हालांकि, फ्रैक्चर और रीढ़ की हड्डी में चोट से पीड़ित चार मरीज अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।


