नई दिल्ली, 21 नवंबर। भारतीय कृषि उत्पादों की मांग अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लगातार बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर के दौरान भारत के कृषि निर्यात में शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। खासतौर पर बासमती चावल, प्रोसेस्ड फ्रोजन आलू और येलो डेंट कॉर्न के निर्यात में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। बासमती चावल का निर्यात 25.4 प्रतिशत बढ़ा, जबकि फ्रोजन आलू के निर्यात में 20.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वहीं, येलो डेंट कॉर्न का निर्यात करीब 12 गुना बढ़ गया। शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। इस प्रदर्शन से साफ है कि पश्चिम एशिया से लेकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया तक भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है। पारंपरिक बाजारों में मांग बढ़ने के साथ नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी भारतीय उत्पादों के लिए अवसर बन रहे हैं।
-
बासमती चावल के निर्यात में 25.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी
भारतीय बासमती चावल की विदेशी बाजारों में मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान इसका निर्यात 25.4 प्रतिशत बढ़कर 1.6 अरब डॉलर तक पहुंच गया। पश्चिम एशिया, उत्तरी अमेरिका और अन्य प्रमुख बाजारों में भारतीय चावल की मांग बढ़ी है। ईरान भारत के बासमती चावल का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा है। यहां निर्यात का मूल्य 44.1 प्रतिशत बढ़कर 12.98 करोड़ डॉलर से 18.71 करोड़ डॉलर हो गया।
सऊदी अरब में निर्यात 7.9 प्रतिशत बढ़कर 17.44 करोड़ डॉलर और अमेरिका में 27.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 13.98 करोड़ डॉलर पहुंच गया। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भी भारतीय बासमती चावल की मांग तेजी से बढ़ी है। यहां निर्यात 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 13.83 करोड़ डॉलर हो गया। इसके अलावा यमन, ओमान और जॉर्डन में भी निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कनाडा, कतर, नेपाल, मॉरीशस और इटली जैसे देशों में भी भारतीय बासमती चावल की पहुंच बढ़ी है।
-
फ्रोजन आलू के निर्यात में 20.8 प्रतिशत का उछाल
भारतीय फ्रोजन आलू की मांग भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-सितंबर के दौरान इसका निर्यात 20.8 प्रतिशत बढ़कर 14.85 करोड़ डॉलर से 17.94 करोड़ डॉलर हो गया। फिलीपींस भारतीय फ्रोजन आलू का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना रहा। यहां निर्यात 3.67 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। इसके बाद सऊदी अरब का स्थान रहा, जहां 2.43 करोड़ डॉलर का निर्यात दर्ज किया गया। इंडोनेशिया में भारतीय फ्रोजन आलू के निर्यात में 75 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हुई और यह बढ़कर 1.33 करोड़ डॉलर हो गया। वहीं, जापान को निर्यात दोगुने से अधिक बढ़कर 1.32 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यह पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया में भारतीय प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग का संकेत है।
-
येलो डेंट कॉर्न का निर्यात करीब 12 गुना बढ़ा
भारतीय कृषि निर्यात में सबसे चौंकाने वाली वृद्धि येलो डेंट कॉर्न के क्षेत्र में देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-सितंबर के दौरान इसका निर्यात 97.8 लाख डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2026-27 की समान अवधि में बढ़कर 12.282 करोड़ डॉलर हो गया। यानी इसके निर्यात में करीब 12 गुना वृद्धि दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी में एशियाई बाजारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वियतनाम भारतीय येलो डेंट कॉर्न का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा। यहां निर्यात महज 20 हजार डॉलर से बढ़कर 6.994 करोड़ डॉलर हो गया। यह भारतीय मक्का की अंतरराष्ट्रीय मांग में आई बड़ी तेजी को दर्शाता है।
- वैश्विक बाजारों में मजबूत हो रही भारत की पहचान
आधिकारिक बयान के मुताबिक, भारतीय कृषि निर्यात में यह तेजी पारंपरिक बाजारों में मजबूत मांग, नए बाजारों में बढ़ते कारोबार और निर्यात के भौगोलिक विस्तार का परिणाम है। बासमती चावल, फ्रोजन आलू और येलो डेंट कॉर्न जैसे उत्पादों की बढ़ती मांग से भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।


