न्यूयॉर्क, 29 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत अपने अमेरिकी दौरे के बीच शनिवार को न्यूयार्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। संबोधन से पहले टाइम्स स्क्वायर के मुख्य बिलबोर्ड पर डॉ. भागवत की तस्वीरें दिखाई गईं।

उल्लेखनीय है कि मोहन भागवत गत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे थे। उनका यह दौरा आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम का हिस्सा है। उनके इस दौरे में कनाडा और यूके भी शामिल है।
पांच हजार लोगों को करेंगे संबोधित
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन भागवत लोकप्रिय मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगभग पांच हजार लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ (सार्वभौमिक एकता उत्सव) नाम का यह कार्यक्रम ‘अमेरिकन हिंदूज फार एंगेजमेंट एंड डायलाग’ (अहेड) के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है।
संगठन ने इस कार्यक्रम को “रक्षा बंधन का एक अहम आयोजन” बताया है। आयोजकों ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मुख्य भाषणों के जरिये सार्वभौमिक एकता और हिंदू सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के विषय को प्रतिबिंबित किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले शुक्रवार शाम टाइम्स स्क्वायर के मुख्य बिलबोर्ड में से एक पर भागवत की तस्वीरें दिखाई गईं, जिन पर “संकल्प, सद्भाव और संवाद” शब्द लिखे थे।


