लखनऊ, 22 नवंबर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पिता को याद करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और जीवन से जुड़े उन सबकों को साझा किया, जिन्हें वह आगे भी आत्मसात करने का संकल्प दोहराते हैं।
सीएम योगी ने एक्स पर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ”पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी उन्हें नमन किया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सादर नमन।
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में लिखा, ”समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!”
अखिलेश यादव ने याद किए नेताजी से मिले जीवन के सबक
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने पिता मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय एवं व्यावहारिक मूल्यों को और अधिक दृढ़ता से आत्मसात करने का संकल्प दोहराते हैं।
अखिलेश ने नेताजी से मिली सीख का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने सबसे सरल सबक यह सीखा कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। कोई भी व्यक्ति मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए।
उन्होंने आगे लिखा कि नेताजी से यह भी सीखा कि हो सकता है कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव में आपके खिलाफ हो गया हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा या खराब ही हो। इसलिए जब कोई सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो हाथ आगे बढ़ाने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। वह 1989, 1993 और 2003 में तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा उन्होंने देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।
वर्ष 1977 में वह तत्कालीन मुख्यमंत्री राम नरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी सरकार में पहली बार मंत्री बने थे। समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया से प्रभावित मुलायम सिंह यादव पिछड़े वर्गों, वंचितों और अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका रही।
10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। वर्ष 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।


