UP BJP Meeting: नितिन नबीन आज बूथ कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा फोकस
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दूसरे दिन रविवार को बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर रहेगा।
बूथ सुदृढ़ीकरण और चुनावी रणनीति पर देंगे मार्गदर्शन
जानकारी के अनुसार, सम्मेलन में नितिन नबीन बूथ सुदृढ़ीकरण, संगठन के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की अहम बैठक
लखनऊ दौरे के पहले दिन शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात की जानकारी नितिन नबीन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की।
बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचकर लेंगे जमीनी फीडबैक
अपने दौरे के अंतिम चरण में नितिन नबीन पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर भी जाएंगे। यहां वे स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की जमीनी गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और बूथ स्तर पर पार्टी की तैयारियों का आकलन करेंगे।
सांसदों-विधायकों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक
शनिवार को लखनऊ में भाजपा सांसदों और विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें नितिन नवीन ने पार्टी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने, संगठनात्मक ढांचे को और प्रभावी बनाने तथा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष की मौजूदगी में आयोजित हुई। इसमें संगठनात्मक तैयारियों, वैचारिक सुदृढ़ीकरण और राज्य में फिर से निर्णायक जनादेश हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
इन नेताओं ने की बैठक में शिरकत
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एमपी चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद और विधायक मौजूद रहे। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बढ़ाने और भाजपा के सुशासन एजेंडे को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
