1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: देशभर में मानसून का कहर, 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात
Weather Update: देशभर में मानसून का कहर, 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात

Weather Update: देशभर में मानसून का कहर, 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात

0
Social Share

नई दिल्ली, 5 जुलाई। देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदियां उफान पर हैं, सड़कें जलमग्न हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

गुजरात में बारिश बनी आफत

गुजरात के जूनागढ़ में भारी बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों और सड़कों पर चार फीट तक पानी भर गया है। प्रशासन को लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। अहमदाबाद के कई हिस्सों में भी जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं नवसारी में अंबिका नदी पर बने पुल का एक हिस्सा धंसने से 11 गांवों का संपर्क मुख्य शहर से कट गया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 8 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

महाराष्ट्र में बाढ़ और हादसे

महाराष्ट्र के पालघर जिले में बाढ़ के तेज बहाव में बहने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने 180 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है। राजधानी मुंबई में तेज बारिश और हवाओं के कारण 64 पेड़ गिर गए, जबकि अलग-अलग स्थानों पर आठ मकानों की दीवारें ढह गईं।

राजस्थान में पांच दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून लगातार सक्रिय है। सीकर, सवाई माधोपुर और झालावाड़ में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में बारिश से जनजीवन प्रभावित

मध्य प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में शनिवार को तेज बारिश हुई। श्योपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हरदा में कालीमाचक नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। रविवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

छत्तीसगढ़ में आधे घंटे की बारिश से जलभराव

राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। रायपुर में महज आधे घंटे में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे टाटीबंध सहित कई इलाकों में घरों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया।

उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड की केदारघाटी में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से एक जेसीबी और उसके दो कर्मचारी नदी के बीच फंस गए, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। उत्तरकाशी में भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका जताई है।

बिहार और हरियाणा में कमजोर मानसून

बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश हुई है। रविवार को 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के सात जिलों में तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में भी असर

पंजाब और चंडीगढ़ के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। जम्मू-कश्मीर के रामनगर-उधमपुर मार्ग पर भूस्खलन के बाद यातायात रोक दिया गया है।

IMD Weather Forecast: अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

6 जुलाई

  • उत्तर प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
  • पश्चिम बंगाल के 2 जिलों और ओडिशा के 5 जिलों में रेड अलर्ट।
  • कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी।

7 जुलाई

  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में मूसलाधार बारिश की संभावना।
  • असम, मेघालय, सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी।

IMD की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई राज्यों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code