तमिलनाड में संशय खत्म : VCK ने TVK को सौंपा समर्थन पत्र, विजय के नेतृत्व में सरकार गठन का रास्ता साफ

चेन्नई, 9 मई। दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा जुटाने के पेच में फंसी नई सरकार के गठन को लेकर संशय शनिवार को खत्म हो गया, जब विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) का समर्थन करने का आधिकारिक रूप से एलान कर दिया। इसके साथ ही थिरु विजय के नेतृत्व में नई सरकार का गठन का रास्ता साफ हो गया।

VCK अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन ने TVK के महासचिव (इलेक्शन कैंपेन मैनेजमेंट) आधव अर्जुन को आधिकारिक समर्थन पत्र सौंपा। थिरुमावलवन ने पत्र में राज्य में सरकार बनाने के लिए TVK को अपना समर्थन दिया गया।

VCK से समर्थन पत्र मिलने के बाद TVK नेता आधव अर्जुन ने इसे ‘जीत’ बताया। उन्होंने सरकार बनाने पर TVK को ‘समर्थन देने’ वाला VCK का एक पत्र दिखाया। इसी क्रम में अर्जुन ने समर्थन देने के लिए कांग्रेस, लेफ्ट और VCK चीफ थिरुमावलवन को धन्यवाद दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि विजय मुख्यमंत्री बनेंगे।

VCK फिलहाल TVK को बाहर से समर्थन देगी

वहीं VCK नेता वन्नी अरासु ने, जो विधायक दल के नेता भी हैं, राज्यपाल आर्लेकर को एक पत्र लिखकर TVK को समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि VCK के सूत्रों ने कहा कि पार्टी, अभी के लिए, TVK की पहली सरकार बनाने की कोशिश में विजय को बाहर से समर्थन देगी।

विजय लगातार चौथे दिन राज्यपाल से करेंगे मुलाकात

माना जा रहा है कि विजय बहुत जल्द राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सकते हैं। यह चार दिनों में लगातार चौथी बार होगा, जब विजय राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। पिछले लगातार तीन दिनों से उनकी राज्यपाल से मुलाकात हो रही है, लेकिन बार-बार उन्हें मायूस उठानी पड़ रही है क्योंकि उनके द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे विभिन्न पार्टियों के समर्थन पत्र से राज्यपाल आश्वस्त नहीं हो पा रहे थे।

TVK समर्थकों ने चेन्नई में सड़क पर उतरकर मनाया जश्न

खैर, तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए VCK के समर्थन के एलान के बाद TVK में खुशी की लहर दौड़ गई। TVK समर्थकों ने चेन्नई में सड़क पर उतरकर अपनी खुशी का इजहार किया। VCK के दो विधायकों के समर्थन से, TVK ने अब 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के आंकड़े (118) को छू लिया है।

गौरतलब है कि विजय के नेतृत्व में तमिलगा वेत्री कड़गम ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत से 10 कम है। बाद में पार्टी ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस, CPI, CPI (M) और VCK – सभी DMK के सहयोगी, से समर्थन मांगा था। विजय ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन उन्हें उनमें से एक से इस्तीफा देना होगा, जिससे पार्टी की सीटें घटकर 107 हो जाएंगी। TVK को समर्थन करने वाली पार्टियों – कांग्रेस (5) और CPI, CPI (M) और VCK के विधायकों की कुल संख्या 11 है।

RELATED ARTICLES

Most Popular