शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, BSE 126 अंक चढ़ा; मिडकैप-स्मॉलकैप में ज्यादा खरीदारी

मुंबई, 12 नवंबर। भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को कारोबार की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 126 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,003 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 31 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,286 के स्तर पर था।

लार्जकैप के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप में ज्यादा तेजी

शुरुआती कारोबार में बड़े शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 295 अंक यानी 0.48 प्रतिशत चढ़कर 61,821 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 209 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,699.05 पर कारोबार कर रहा था।

इन सेक्टरों में रही खरीदारी, कई में दिखी बिकवाली

सेक्टरल इंडेक्स में निफ्टी मीडिया, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंडिया डिफेंस, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और पीएसयू बैंक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर निफ्टी हेल्थकेयर, फार्मा, आईटी, ऑटो, कंज्यूमर, इंफ्रा और ऑयल एंड गैस से जुड़े सूचकांकों में गिरावट देखने को मिली।

बजाज फाइनेंस और आईटीसी समेत ये शेयर रहे बढ़त में

सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, एक्सिस बैंक, बीईएल, टाइटन, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और ट्रेंट में तेजी रही। वहीं एचयूएल, एमएंडएम, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, भारती एयरटेल, एलएंडटी, टीसीएस, एचसीएल टेक और मारुति सुजुकी के शेयरों में कमजोरी रही।

एशियाई बाजारों में भी तेजी, अमेरिकी बाजार बढ़त पर बंद

एशियाई बाजारों में गुरुवार को ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता के बाजारों में तेजी रही, जबकि हांगकांग का बाजार लाल निशान में था। इससे पहले बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुआ था। डाओ जोन्स में 0.49 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 1.60 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

एफआईआई की खरीदारी से बाजार को मिल रहा समर्थन

बाजार के जानकारों के मुताबिक, नवंबर में अब तक सात कारोबारी सत्रों में निफ्टी में आई 9.55 प्रतिशत की तेजी के पीछे विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की आक्रामक खरीदारी प्रमुख वजह रही है। नवंबर में अब तक एफआईआई भारतीय शेयर बाजार में 65,735 करोड़ रुपये का निवेश कर चुके हैं।

जानकारों का कहना है कि एफआईआई की खरीदारी का रुझान आगे भी जारी रह सकता है। दूसरी तिमाही के बेहतर नतीजों से कंपनियों की कमाई में मजबूत वृद्धि के संकेत मिले हैं। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और ब्रेंट क्रूड के करीब 92 डॉलर प्रति बैरल रहने से भी बाजार को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की ओर से मुनाफावसूली जारी रहने की आशंका है। इससे बाजार की तेजी पर कुछ अंकुश लग सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular