US Flight Disruption: अमेरिका में ATC सिस्टम फेल, एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी; यात्रियों को दी ये सलाह

नई दिल्ली, 14 नवंबर। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार सिस्टम में गंभीर तकनीकी खराबी के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अमेरिकी हवाई अड्डों पर उड़ानों के परिचालन में बाधा आने का असर भारत-अमेरिका हवाई मार्ग पर भी पड़ सकता है। इसे देखते हुए एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने अमेरिका जाने और वहां से भारत आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अमेरिकी हवाई अड्डों पर उड़ानों के परिचालन पर लगी रोक के कारण भारत और अमेरिका के बीच संचालित होने वाली उसकी उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।

एयर इंडिया ने यात्रियों को दिए ये निर्देश

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें।
– फ्लाइट स्टेटस जरूर जांचें: अमेरिका जाने वाले और वहां से भारत आने वाले यात्री एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जरूर चेक करें।
– परिचालन पर नजर: एयर इंडिया की ऑपरेशनल टीमें अमेरिकी विमानन अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
– अपडेट के लिए तैयार रहें: एयरलाइन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे ही कोई नई जानकारी मिलेगी, यात्रियों को तत्काल अपडेट दिया जाएगा।

ATC सिस्टम में खराबी से अमेरिकी हवाई सेवाएं प्रभावित

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार प्रणाली में तकनीकी खराबी आने के बाद सुरक्षा कारणों से कई हवाई अड्डों पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ। इस गड़बड़ी के चलते विमानों की आवाजाही में व्यवधान पैदा हुआ और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस घटना को 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद अमेरिकी विमानन क्षेत्र में हुए बड़े व्यवधानों में से एक बताया जा रहा है। हालांकि, इस बार उड़ानों पर असर की वजह तकनीकी खराबी है। फिलहाल एयर इंडिया स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ऐसे में अमेरिका की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहतर होगा कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी एयरलाइन के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने के बाद ही एयरपोर्ट के लिए रवाना हों।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular