UP IAS Transfer : यूपी में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, अनुज सिंह बने LDA उपाध्यक्ष, कई जिलों के DM बदले

लखनऊ, 14 नवंबर, UP IAS Transfer : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने शुक्रवार देर रात 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए कई जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम), नगर आयुक्तों, मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण और मेरठ विकास प्राधिकरण समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों में भी बदलाव किया गया है।

अनुज सिंह बने LDA के नए उपाध्यक्ष

शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब तक एलडीए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीतापुर के डीएम राजागणपति आर को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) का निदेशक नियुक्त किया गया है।

महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह अब मुजफ्फरनगर के नए डीएम होंगे।नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

वाराणसी, गोरखपुर और गाजियाबाद में भी बदलाव

नगर निगमों और जिलों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) बनाया गया है। उनकी जगह राजेश कुमार को अयोध्या का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है।

फतेहपुर के सीडीओ पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, पूनम निगम को फतेहपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती का नया सीडीओ बनाया गया है। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और मेरठ प्राधिकरण में फेरबदल

प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की अदला-बदली हुई है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा और फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन (शोहन) वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

मेरठ की सीडीओ नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का एसीईओ बनाया गया है। यमुना प्राधिकरण में तैनात शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

प्रशासनिक फेरबदल के तहत डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त, मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के जरिए प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों, नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular