गुवाहाटी, 11 नवम्बर। असम में बुधवार की सुबह ट्रेन हादसा हो गया, जब कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन डिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
https://t.co/putvjPaesH
— Northeast Frontier Railway (@RailNf) November 11, 2026
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को आगे जाने का रास्ता देने के लिए लाई जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट गति नियंत्रित नहीं कर सके, जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई। डिगारू स्टेशन गुवाहाटी से करीब 44 किलोमीटर दूर स्थित है।
राहत-बचाव कार्य शुरू, यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए एक विशेष ट्रेन भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा, यात्रियों को पीने का पानी और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
असम- कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस गुवाहाटी के नजदीक डिगारू में दुर्घटनाग्रस्त, इंजन एवं छह कोच पटरी से उतर गये, कई यात्री घायल https://t.co/t6mOdOqoyU
— Hindusthan Samachar News Agency (@HsnewsBharat) November 11, 2026
अप और डाउन लाइन पर रेल परिचालन सामान्य
रेलवे के अनुसार, हादसे के बाद अप लाइन पर रेल परिचालन बहाल कर दिया गया है। अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। पहले अलग-अलग स्थानों पर रोकी गई ट्रेनों को भी धीरे-धीरे आगे रवाना किया जा रहा है।
हालांकि, हादसे के कारण कुछ लोकल ट्रेनों को रद किया गया है या उनका संचालन आंशिक रूप से समाप्त किया गया है। इनमें ट्रेन संख्या 15769 (अलीपुरद्वार जंक्शन-मरियानी जंक्शन) इंटरसिटी एक्सप्रेस को कामाख्या में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। वहीं, ट्रेन संख्या 75727/75728 (गुवाहाटी-हैबरगांव-गुवाहाटी) डीएमयू रद कर दी गई है।
इस बीच रेलवे ने यात्रियों की सहायता के लिए विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
- कटिहार : 9002041806, 9002041952, 9771441956
- किशनगंज : 06456226794, 06456226795
- न्यू जलपाईगुड़ी : 6287699880
- गुवाहाटी : 03612731621, 2731622, 2731623
- लुमडिंग : 03674263858, 265958, 263831
- बदरपुर : 03843269546, 269548, 268424, 269547
- सिलचर : 03842245414, 245419, 245423


