Stock Market Today: शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में; HDFC बैंक और FII बिकवाली से बढ़ा दबाव

मुंबई, 21जुलाई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार (21 जुलाई) को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी देखने को मिली। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की खरीदारी के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और बैंकिंग शेयरों में दबाव के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 58.89 अंक (0.08%) गिरकर 77,649.63 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 22.45 अंक फिसलकर 24,216.05 पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले सोमवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जब सेंसेक्स 442 अंक और निफ्टी करीब 96 अंक टूटकर बंद हुए थे।

  • इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल

सेंसेक्स पैक में HDFC बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, सन फार्मा और मारुति सुजुकी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वहीं टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और HCL टेक के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को कुछ सहारा मिला।
बाजार में गिरावट की बड़ी वजहें

1. HDFC बैंक के कमजोर तिमाही नतीजेHDFC बैंक के तिमाही नतीजों में मार्जिन बाजार की उम्मीदों से कमजोर रहने के कारण निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ है। इसके चलते बैंकिंग शेयरों पर लगातार दूसरे दिन दबाव बना रहा।
2. अमेरिका-ईरान तनावअमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की क्षमता (Risk-Off Sentiment) को कमजोर किया है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
3. विदेशी निवेशकों की बिकवालीएक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,121.04 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, जिससे बाजार पर दबाव और बढ़ गया।

  • क्रूड ऑयल और वैश्विक बाजार पर नजर

वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.63% की गिरावट के साथ 88.66 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में कभी भी तेज उछाल आ सकता है, जिसका असर भारत की महंगाई और अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए।

RELATED ARTICLES

Most Popular