Bollywood: अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी; तफ्तीश में जुटी पुलिस

मुंबई, 3 नवंबर। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता को एक अज्ञात ऑडियो थ्रेट भेजा गया था। इसमें धमकी देने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की। तुषार कपूर ने मामले की जानकारी तुरंत मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हैरी बॉक्सर के नाम से भेजा गया धमकी भरा ऑडियो

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने अभिनेता को भेजे गए ऑडियो की बारीकी से जांच की। इसके लिए धमकी भरे ऑडियो की तुलना पुलिस के डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के असली ऑडियो सैंपल से की गई।

आवाज का सैंपल मैच नहीं हुआ, फर्जी धमकी का शक

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ऑडियो सैंपल आपस में मेल नहीं खाते। इसके बाद शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया हो। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने यह ऑडियो भेजा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।

जितेंद्र के बेटे हैं तुषार कपूर

तुषार कपूर बॉलीवुड के जाने-माने कपूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बड़ी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्म जगत की चर्चित निर्माता हैं। तुषार ने अपने फिल्मी करियर में ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’ और ‘ये दिल’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कॉमेडी फिल्मों से मिली। ‘क्या कूल हैं हम’ सीरीज और ‘गोलमाल’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’ तथा ‘गोलमाल 3’ में उनके किरदार दर्शकों के बीच काफी चर्चित रहे। वहीं, फिल्म ‘शोर इन द सिटी’ में उनके गंभीर अभिनय की भी सराहना हुई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular